Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की हत्या का खौफनाक वीडियो सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के वीडियो में एक आरोपी तलवार से शिवकुमार पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ लोग हमलावर को रोकने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं। लेकिन, इसके बावजूद हमला जारी रहता है।
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार तिवारी पर ब्रह्मभोज के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल चौधरी ने उन पर तलवार से करीब 22 बार वार किए। गंभीर चोटों के चलते शिवकुमार की मौत हो गई।
हत्या की घटना के करीब चार दिन बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में राहुल चौधरी हाथ में तलवार लिए शिवकुमार पर ताबड़तोड़ हमला करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोग उसे रोकने और हमला बंद करने के लिए कहते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे भी अपनी जांच का हिस्सा बनाया है।
2024 की हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का मामला सामने आया है। गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि वर्ष 2024 में आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। उस मामले में शिवकुमार तिवारी के कुछ परिजनों के नाम सामने आए थे। पुलिस को शक है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते शिवकुमार की हत्या की गई।
परिजनों की शिकायत के आधार पर शुरुआत में सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर दो और लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामले में पुलिस प्रशासन ने भी कार्रवाई की है। सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।