TV Actor Rohit Chandel Arrested: टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 'पांड्या स्टोर' और 'काशीबाई बाजीराव बल्लाल' जैसे टीवी शोज़ में नजर आ चुके अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का कथित तौर पर पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 29 वर्षीय रोहित चंदेल हाल ही में टीवी शो 'सैराब' में भी दिखाई दिए थे।
POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, पंत नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 115(2) भी लगाई हैं, जो कथित तौर पर पीछा करने और चोट पहुंचाने से जुड़े मामलों पर लागू होती हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
10 जुलाई को हुई गिरफ्तारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित चंदेल को 10 जुलाई को दहिसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें एक विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत के मुताबिक, पूर्वी उपनगर में रहने वाली 16 वर्षीय लड़की ने आरोप लगाया है कि अभिनेता उसे अपने मोबाइल नंबर और अन्य कई नंबरों से बार-बार फोन कर परेशान कर रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जुलाई को रोहित चंदेल ने कथित तौर पर लड़की को उसकी रिहायशी बिल्डिंग के पास रोका, उसका पीछा किया, उससे बहस की, गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की।
आरोपी और पीड़ित लड़की एक दूसरे को जानते थे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस का कहना है कि आरोपी और नाबालिग लड़की एक-दूसरे को पहले से जानते थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।