CJP Cyber Criminals: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नाम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे एक कथित फर्जी अभियान का खुलासा हुआ है। इसको लेकर खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार, साइबर अपराधियों ने फेसबुक पर CJP के नाम से स्पॉन्सर्ड विज्ञापन चलाकर युवाओं को संगठन से जुड़ने के बदले ₹50,000 प्रतिमाह तक कमाई का दावा किया है। एजेंसियों का कहना है कि शुरुआती जांच में इस अभियान का संबंध पाकिस्तान से ऑपरेट एक संदिग्ध डोमेन से जुड़ा मिला है।
सूत्रों के मुताबिक, वायरल विज्ञापन में खुद को ‘Cockroach Janta Party (CJP)’ का आधिकारिक सदस्यता अभियान बताया गया है। इसमें सीनियर मेंबर बनने का ऑफर देते हुए युवाओं को ऑनलाइन आवेदन करने, अपना नेटवर्क तैयार करने और विभिन्न कैंपेन में शामिल होने का न्योता दिया गया है। फर्जी पोस्ट में ‘Voice of the Lazy & Unemployed’ और ‘Join the Movement’ जैसे आकर्षक स्लोगन का भी इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया था।
विज्ञापन में एक QR कोड और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लिंक भी दिया गया है, जिसके माध्यम से लोगों से सदस्यता के लिए आवेदन करने की अपील की जा रही है। खुफिया सूत्रों का दावा है कि इस तरह के डिजिटल अभियानों का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं, को गुमराह करना और उन्हें साइबर जाल में फंसाना हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान संबंधित डोमेन की तकनीकी जानकारी खंगालने पर उसके पाकिस्तान से ऑपरेट होने के संकेत मिले हैं। एजेंसियां अब इस नेटवर्क और इससे जुड़े साइबर अपराधियों की गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
खुफिया एजेंसियों ने युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी विज्ञापन, लिंक या QR कोड पर बिना सत्यापन के क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी संगठन से जुड़ने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।