Nepal Flood: नेपाल में आई बाढ़ ने भीषण तांडव मचाया है। पानी का उफान शहरों और गांवों तक पहुंच गया है। तिब्बती इलाके से आई बाढ़ में कहीं पुल पानी में बह गया, तो कहीं सड़कें सैलाब में समा गईं। कहीं कारें और ट्रक पानी के तेज बहाव में बहते नजर आए। बाढ़ में अब तक 469 लोगों की मौत हुई है। एक हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। इनमें कई भारतीय भी शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि नेपाल त्रासदी में 288 भारतीय लापता हैं। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 21 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है। बाढ़ से बचाए गए 21 भारतीय तमिलनाडु से हैं। तिब्बत में लगभग 200 भारतीयों ने सहायता मांगी है। भारत अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए नेपाल को लगातार सहायता प्रदान करता रहेगा।
वहीं, काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे करीब 400 तीर्थयात्री रासुवागढ़ी में संपर्क से बाहर हो गए हैं। काठमांडू की टच कैलाश ट्रैवल्स एंड टूर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर बाशु कुमार अधिकारी ने कहा कि बुधवार को 93 नेपालियों समेत 390 तीर्थयात्रियों को बॉर्डर पार करना था। अधिकारी ने कहा, "कुछ को छोड़कर, हम दोपहर 3 बजे तक तीर्थयात्रियों से संपर्क नहीं कर पाए हैं।"
नेपाल ट्रेकिंग एजेंसीज एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सागर पांडे ने कहा कि तीर्थयात्रियों से संपर्क करने और उनकी मौजूदा स्थिति का पता लगाने की कोशिशें चल रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी नेपाल में सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। पानी तिब्बत की ओर से आया। पानी अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और समीपवर्ती स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ।
रसुवा जिला तिब्बत सीमा से करीब 125 किलोमीटर दूर है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा विभाग एनडीआरआरएमए ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा के नदी किनारे रहने वाले लोगों से अगले आदेश तक सतर्क रहने के लिए कहा है। अचानक आई बाढ़ के बाद से कई लोग लापता हैं।
कोशी नदी में बाढ़ से त्रिशूली नदी बेसिन के जिलों, जिनमें नुवाकोट, धादिंग, चितवन, गोरखा और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं, प्रभावित हुए हैं।