Himachal Jaundice: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में पीलिया फैलने से हड़कंप मच गया है। शहर से सटे नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 (बड़ू) में बुधवार शाम तक 13 स्कूली बच्चों सहित कुल 35 लोग इस गंभीर बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। एक साथ इतने मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है और प्रभावित इलाके में मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बड़ू क्षेत्र में 8 मार्च से ही पीलिया के मामले सामने आना शुरू हो गए थे। सबसे ज्यादा चिंता का विषय यह है कि वार्ड-11 में स्थित एक मिडिल स्कूल के 13 बच्चे भी पीलिया से ग्रसित पाए गए हैं। बच्चों के बीमार पड़ने से उनके अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। हालांकि, राहत की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में इलाज ले रहे कुछ मरीज अब रिकवर भी हो रहे हैं।
पीलिया फैलने के पीछे मुख्य कारण दूषित जल की सप्लाई को माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए बड़ू क्षेत्र से पानी का सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट सस्पैक्टेड (संदिग्ध/दूषित) आई है। पानी में खराबी की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत जल शक्ति विभाग को भी इस स्थिति से अवगत करवा दिया है, ताकि पेयजल आपूर्ति की जांच कर उसे सुरक्षित बनाया जा सके। वहीं बीमारी को महामारी का रूप लेने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। टौणी देवी स्वास्थ्य खंड की टीमें लगातार बड़ू क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। ये टीमें घर-घर जाकर मरीजों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। साथ ही, प्रभावित लोगों को मौके पर ही जरूरी दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
विभाग की स्थिति पर पूरी नजर : सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि वार्ड नंबर-11 बड़ू क्षेत्र में पीलिया के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्राऊंड पर उतर कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं और ग्रसित लोगों को दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। एहतियात के तौर पर स्कूली बच्चों के भी सैंपल लिए गए थे, जिनमें 13 बच्चे पॉजिटिव पाए गए हैं। विभाग स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए है।