IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। इस फैसले के बाद अब पहली बार पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा का बयान सामने आया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज 3-0 से जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला टीम का नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं, लेकिन भारत के खिलाफ मैच न खेलना हमारा फैसला नहीं है। इस पर हम कुछ नहीं कर सकते. सरकार और पीसीबी जो कहेगा, हमें वही मानना होगा।”
सरकार के फैसले से बढ़ा विवाद
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा कि टीम को टी20 विश्व कप खेलने की मंजूरी दी जाती है, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। यह मुकाबला आर प्रेमदासा स्टेडियम में होना था।
ICC की कड़ी प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी नाराज नजर आ रही है। ICC ने अपने बयान में कहा कि इस तरह के फैसले से वैश्विक क्रिकेट की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर असर पड़ता है। ICC ने यह भी साफ किया कि उसे अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है। साथ ही PCB से फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की गई है।
क्या पाकिस्तान पर हो सकती है कार्रवाई?
सूत्रों के मुताबिक, ICC पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर विचार कर सकता है। संभावित कार्रवाई में विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलने के लिए मिलने वाले NOC पर रोक लगाई जा सकती है। ऐसा होने पर PSL को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, अगर विवाद और बढ़ा तो पाकिस्तान से ICC टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार भी छीना जा सकता है। इससे पहले भी ICC ने संकेत दिए थे कि अगर कोई देश टूर्नामेंट का बहिष्कार करता है, तो उसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलग-थलग किया जा सकता है।
आगे क्या होगा?
अब सभी की नजरें PCB और पाकिस्तान सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। भारत-पाकिस्तान मैच टी20 विश्व कप का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है और इसके न होने से टूर्नामेंट की रोमांचक तस्वीर बदल सकती है। आने वाले दिनों में ICC क्या फैसला लेता है, यह क्रिकेट जगत के लिए बेहद अहम होगा।