हिमाचल में ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति (Lahaul-Spiti) जिले में फिर से हिमखंड गिरना शुरू हो गए हैं। मनाली-लेह मार्ग स्थित बिलिंग नाला के पास बुधवार को हिमस्खलन हुआ है, जिससे सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं उदयपुर के सामने पहाड़ी से भी हिमखंड गिरे है। जिससे कुछ समय के लिए चिनाब नदी का बहाव रुक गया था, लेकिन बाद में नदी का जलस्तर पूर्णत: सामान्य हो गया। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर के सामने वामतट की पहाड़ी से एवलांच गिरने के कारण चिनाब नदी (Chenab River) का प्रवाह करीब डेढ़ घंटे तक रुका रहा।
बता दें कि नदी का बहाव रुक जाने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एवलांच सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास गिरा था और दस बजे के बाद नदी का स्तर सामान्य हो गया था। ताजा बर्फबारी के चलते इन दिनों घाटी में जगह-जगह पहाड़ों से हिमखंड का गिर रहे हैं। इस पर ग्रामीण मोती लाल ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे उन्हें हिमखंड गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी थी।
वहीं, नायब तहसीलदार उदयपुर शांता कुमार ने बताया कि 'वह स्वयं मौके पर गए थे तो उस दौरान नदी का बहाव रुका हुआ था और अब सामान्य हो गया है। ठंड के चलते सर्दी में पानी का बहाव भी कम रहता है। जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम और बर्फबारी के बीच दूरदराज क्षेत्रों की ओर न जाएं। घाटी में ताजा बर्फबारी के चलते मनाली-केलांग सहित समूची घाटी की सड़कों में वाहनों के पहिए जाम हो गए हैं।'
वहीं इस बर्फबारी ने सीमा सड़क संगठन के लेह मार्ग बहाली के की कोशिशों पर पानी फेर दिया है। अब सीमा सड़क संगठन को फिर से बर्फ को हटाना होगा। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरीश वाचली ने बिलिंग नाला के पास एक पुल पर पहाड़ी से गिरे हिमखंड को हटाने के लिए मशीनरी का इंतजाम कर दिया है।