हिमाचल प्रदेश में पिछले कल से धूप खिली है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लगभग 3-4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतर निचले क्षेत्रों ऊना, सिरमौर, हमीरपुर में इसका असर देखने को मिल रहा है। अब हिमाचल प्रदेश में 23 अगस्त तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। विभाग ने 19 अगस्त के लिए मैदानी और मध्य पर्वतीय भागों में बारिश-अंधड़ का अलर्ट जारी किया है, जबकि 20 और 21 अगस्त के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
फिलहाल अगले 48 घंटे तक इसी तरह मौसम बना रहने की संभावना है, परंतु 20 अगस्त से मानसून में तेजी आने की संभावना है। वहीं लैंडस्लाइड की संभावना लगातार बनी रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल का कहना है मानसून धीमा पड़ा है, लेकिन जल्द तेजी आने के आसार हैं। सितंबर के अंत तक मानसून हिमाचल में रहने वाला है।
बढ़ने लगा तापमान
मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने से पारा चढ़ना शुरू हो गया है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना में अधिकतम तापमान 36.8, बिलासपुर 34.0, सुंदरनगर 33.0, भुंतर 33.1, चंबा 32.1, कांगड़ा 32.1, हमीरपुर 32.8, सोलन 31.0, धर्मशाला 27.8, शिमला 25.4, कल्पा 24.9, केलांग 24.3 और डलहौजी में 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।