आईपीएल 2022 (IPL 2022) का यह सीजन क्रिकेट (Cricket) प्रेमियों के लिए जबरदस्त चल रहा है। इस साल 8 की जगह 10 टीमें मैदान में हैं। वहीं, आईपीएल का ये सीजन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अभी तक अच्छा साबित नहीं हुआ है। दोनों टीमों इस सीजन के 4 मैच खेल लिए हैं लेकिन अभी तक एक भी जीत हासिल नहीं हुई है।
वहीं, बात करें सोमवार की रात की तो गुजरात टाइटंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 सीजन की अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। केन विलियमसन की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात टाइटंस को आठ विकेट से हराया है। गुजरात टाइटंस को तीन मैचों के बाद सीजन की पहली हार का स्वाद चखना पड़ा है।
आईपीएल में पहली बार गुजरात टाइटंस टीम की कप्तानी कर रहे हार्दिक पांड्या टीम की हार को करीब देख अपना आपा खो बैठे और अपने सीनियर गेंदबाज मोहम्मद शमी पर चिल्लाने लगे। मैच के 13वें ओवर के दौरान हार्दिक पांड्या की गेंद पर गेंदबाज मोहम्मद शमी से राहुल त्रिपाठी का एक कैच छूट गया और फिर हार्दिक अपने सीनियर गेंदबाज पर चिल्लाते हुए नजर आए।
इस मैच में हार्दिक पांड्या इस लिए गुस्से में थे क्योंकि उसी ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने दो छक्के जड़े थे, ओवर की लास्ट बोल पर राहुल त्रिपाठी ने डीप थर्ड मैन की तरफ हवा में शॉट खेला, जिसपर मोहम्मद शमी कैच नहीं पकड़ पाए। जिसके बाद हार्दिक पांड्या काफी गुस्से में दिखे और अपने सीनियर गेंदबाज मोहम्मद शमी पर चिल्लाने लगे।
सोशल मीडिया पर मैच के दौरान पांड्या के गुस्से वाला यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। हालांकि सोशल मीडिया पर फैंस भी अब हार्दिक पांड्या की खूब क्लास लगा रहे हैं और कप्तान हार्दिक पांड्या को अपने सीनियर गेंदबाज मोहम्मद शमी का सम्मान करने की सलाह दे रहे हैं।
इस मैच से पहले गुजरात टाइटंस जीत की हैट्रिक लगा चुकी थी और गुजरात टाइटंस ही एकमात्र ऐसी टीम थी जिसने अभी तक सीजन में हार का मुंह नहीं देखा था। हैदराबाद के खिलाफ मिली 8 विकेट से करारी हार के बाद गुजरात टाइटंस को भारी नुकसान हुआ है। इस मैच से पहले टॉप 3 में ये टीम मौजूद थी मगर हार के बाद गुजरात 5वें स्थान पर पहुंच गई है।