Hanuman Ansh Box Office Day 49: बेहद कम बजट में बनकर तैयार हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ अपनी चमत्कारी कमाई के लिए जानी गई। फिल्म ने 2 करोड़ के बजट में ऐसा कमाल करके दिखाया है कि बड़ी-बड़ी फिल्में इसके सामने पानी भरती नजर आईं। फिल्म की कमाई में अब स्थिरता देखने को मिल रही है और अब इसमें कोई अलग से बढ़ोतरी नजर नहीं आ रही है। हालांकि, अभी भी वीकेंड पर ये फिल्म चौंकाने का माद्दा रखती है। ऐसे में अब एक सवाल खड़ा हो गया है। बीच में फिल्म की तेज रफ्तार ने ये साफ कर दिया था कि ये फिल्म 500 करोड़ तक अपनी कमाई को लेकर जाएगी।
लेकिन पिछले कुछ समय से इसकी वीकडेज पर लगातार हो रही औसत कमाई इस ओर इशारा कर रही है कि फिल्म के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी। अब धीरे-धीरे अक्टूबर में फिल्मों की रिलीज का सिलसिला तेजी से बढ़ेगा और बड़े स्टार्स की फिल्में भी आएंगी। ऐसे में इसका असर सीधा ‘हनुमान अंश’ फिल्म पर देखने को मिल सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि 49 दिनों में आखिर इस फिल्म ने कमाई कितनी कर ली है।
हनुमान अंश ने कितने रुपये कमाए?
सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 49वें दिन 3.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इस लिहाज से फिल्म का 49 दिनों का नेट कलेक्शन 288.18 करोड़ रुपये का हो चुका है। ये कलेक्शन शानदार माना जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ फिल्म के ग्रॉस कलेक्शन की ओर रुख करें तो इस फिल्म ने 340.35 करोड़ रुपये की कमाई करके दिखा दी है।
फिल्म ने ओवरसीज कलेक्शन के मामले में 36.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, इसे मिला लिया जाए तो फिल्म का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 376.85 करोड़ रुपये का हो चुका है। 2 करोड़ के बजट से इस कलेक्शन की तुलना करें तो इस फिल्म ने करीब 188 गुना ज्यादा कलेक्शन करके दिखा दिया है और बड़ा ट्रेंड सेट किया है। दुनियाभर में इस फिल्म की चर्चा देखने को मिली है।
क्या 500 करोड़ कमा पाएगी हनुमान अंश?
अब पिछले कुछ समय से हो रही फिल्म की कुल कमाई को देखा जाए तो इस फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले इतना ज्यादा कमा लिया है कि फिल्म के पास पाने के लिए और कुछ भी नहीं है। लेकिन इसके बाद भी जैसी गति फिल्म ने बीच में पकड़ी थी, उससे इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा था कि ये फिल्म अपनी कमाई को 500 करोड़ रुपये तक लेकर जा सकती है।
लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ भी होता नजर नहीं आ रहा है। फिल्म को 500 करोड़ की कमाई करने के लिए अभी भी 125 करोड़ से ज्यादा कमाने होंगे। वहीं, इसके लिए फिल्म को कई दिन लग सकते हैं। प्रैक्टिकली अगर देखा जाए तो ‘हनुमान अंश’ के लिए ऐसा करना बहुत मुश्किल होगा।
लेकिन आने वाले दो वीकेंड में अगर फिल्म अच्छा कर ले जाती है और आने वाले वीकडेज में अपनी इसी कमाई को स्टेबल रख ले जाती है, तो 500 करोड़ के कलेक्शन को नामुमकिन भी नहीं कहा जा सकता है।