हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना में सस्ता घरेलू सामान दिलाने के नाम पर लोगों से 10 लाख रुपये की ठगी करने के बाद श्री बालाजी जन सेवा ट्रस्ट के लोग फरार हो गए हैं। बता दें कि यह ट्रस्ट गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी कराने और इसके लिए घरेलू सामान मुहैया कराता था।
वही, इस संबंध में पुलिस ने धौलू गांव निवासी महिला उषा ने शिकायत पर ट्रस्ट के डूल्ट गांव निवासी राजेंद्र, विक्रम, मोहन लाल और उषा रानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। संस्था पर 9 लाख 95 हजार 500 रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने भूना में श्री बालाजी जन सेवा ट्रस्ट के नाम से हिसार भूना रोड पर मास्टर मार्किट में कार्यालय खोल रखा था। सात दिन पहले ट्रस्ट ने कार्यालय बंद कर दिया। ट्रस्ट के लोगों के फरार होने की भनक लगते ही पीड़ितों ने कार्यालय के बाहर रोष जताया।
दरअसल, ट्रस्ट की संचालिका उषा रानी, ढाणी डूल्ट के राजेंद्र सोनी, मोहनलाल और विक्रम आदि ने गरीब लोगों को कम कीमत पर घरेलू, इलैक्ट्रॉनिक और इलैक्ट्रीकल सामान देने के लिए फॉर्म भरवाए थे और बताया था कि ट्रस्ट का उद्देश्य गरीब लोगों की सेवा करना और उन्हें कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराना है। इसमें सरकार की तरफ से भी विशेष अनुदान मिलेगा।
ट्रस्ट के लोगों ने शुरु में कई गरीब परिवारों को हाथों-हाथ घरेलू सामान और लड़कियों की शादी में दिया जाने वाला सामान भी दिया। इसके चलते लोगों का ट्रस्ट के प्रति विश्वास बढ़ गया। ऐसे में ट्रस्ट के लोगों ने मात्र दो महीनों में 3000 से भी अधिक परिवारों के फॉर्म भरवाकर उक्त राशि वसूल ली और फरार हो गए।