Delhi Crime News: मामला 5 अप्रैल 2026 का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा से दिल्ली में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पीरागढ़ी चौक पर जाल बिछाया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध तीन पहिया टेंपो को रोका गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर टेंपो से 16 पेटियों में भरी 800 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई, जिन पर “For Sale in Haryana Only” लिखा हुआ था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस अवैध शराब की डिलीवरी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बुक की गई थी। इस मामले में पुलिस ने Sameer Paliwal नाम के युवक को भी गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली में स्थानीय सप्लायर्स तक शराब पहुंचाने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपी पिछले दो महीनों से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और हरियाणा के बहादुरगढ़ से शराब लाकर दिल्ली में सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में दिल्ली एक्साइज एक्ट की धाराओं 33, 38 और 58 के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही, शराब ले जाने में इस्तेमाल किया गया तीन पहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
रिपोर्टर शिवेंद्र