उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने मां पीताम्बरा पीठ (Pitambara Peeth) मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने लोक कल्याण के लिए मन्नत मांगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुबह दतिया पहुंचे। यूपी मंत्री स्वतंत्र देव के साथ मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा मां पीताम्बरा पीठ के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने स्थानीय वन खंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज ट्वीट में लिखा, 'दतिया में आज सुबह उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय एवं यशस्वी मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ जी के साथ पीताम्बरा शक्तिपीठ में माई के दर्शन और पूजा अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।'
सीएम योगी के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीएम योगी सरकार और संगठन के तमाम लोगों से भेंट की। वे पिछले साल भी दतिया मां के दर्शन करने गए थे। सीएम योगी ने पीताम्बरा पीठ में माता बगलामुखी के दर्शन किए थे। मंदिर को लेकर मान्यता है कि मां के आर्शीवाद से हर काम में सफलता मिलती है। कई राजनेता यहां पहुंचते हैं ताकि उनकी भी हर मुराद पूरी हो जाए।