Musical road in india: जापान की तर्ज पर देश में एक ऐसी सड़क बनकर तैयार हो गई है, जिसपर कार चलाते ही आपको म्यूजिक सुनाई देगा। मुंबई के ‘छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड’ पर यह अनोखा प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। कोस्टल रोड टनल (सुरंग) से बाहर निकलते ही, नरीमन पॉइंट से वर्ली जाने वाली सड़क पर यात्रियों को 500 मीटर लंबी एक ‘म्यूजिकल रोड’ मिलेगी। हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।
दुनिया भर में म्यूजिकल रोड तकनीक सबसे पहले 2007 में जापान में शुरू हुई थी। इसके बाद हंगरी, दक्षिण कोरिया और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में भी इस तरह की सड़कें बनाई गईं। भारत में मुंबई की यह ‘मेलोडी रोड’ अपनी तरह की पहली सड़क है। इस सड़क को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बनाया है. सड़क पर डामर के ऊपर खास तरह की पट्टियां (स्ट्रिप्स) एक तय दूरी और गहराई पर लगाई गई हैं. जिनपर कार चलाते ही म्यूजिक बजने लगता है।
जब गाड़ियां इन पट्टियों पर चलती हैं तो क्या होता है?
नरीमन पॉइंट से वर्ली के बीच सड़क पर लगी इन पट्टियों के ऊपर से जब कोई गाड़ी 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेगी, तो उसे एआर रहमान का ऑस्कर जीतने वाला गाना ‘जय हो’ सुनाई देगा. यह फिल्म ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ का मशहूर गाना है।
यह कैसे काम करती है म्यूजिकल रोड?
जब गाड़ी के टायर सड़क की इन खास पट्टियों से टकराते हैं, तो एक वाइब्रेशन पैदा होता है। इसी कंपन से आवाज निकलती है, जो बिल्कुल ‘जय हो’ गाने की धुन जैसी लगती है। मुंबई नगर निगम ने इस म्यूजिकल हिस्से से 500 मीटर, 100 मीटर और 60 मीटर पहले ही साइनबोर्ड लगा दिए हैं. ये बोर्ड सुरंग के अंदर भी लगाए गए हैं ताकि ड्राइवरों को पता चल सके।
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
इस म्यूजिकल रोड को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। एक यूजर ने तंज कसते हुए अपने इलाके की खराब सड़कों का वीडियो डाला और लिखा, “मेरे इलाके में ऐसी ‘म्यूजिकल रोड’ लगाने के लिए BMC का शुक्रिया।”