पश्चिम बंगाल और असम में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोट डाले जा रहे है। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 30 सीटों पर 19 महिलाओं सहित 171 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, असम में दूसरे चरण की 39 सीटों पर 26 महिलाओं सहित 345 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बंगाल में दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट नंदीग्राम की है। जिसपर आज पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं। क्योंकि यहां से खुद बंगाल की सीएम ममता बनर्जी मैदान में हैं और उनके खिलाफ भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं।
दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल की 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस दौरान 75,94,549 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने जा रहे हैं। इनमें 38,80,955 पुरुष वोटर और 37,13,508 महिलाएं वोटर हैं। वहीं मतदान के लिए पश्चिम बंगाल में 10,620 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जिनमें 2280 से ज्यादा पोलिंग बूथ को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।
बता दें नंदीग्राम सीट हाई प्रोफाइल होने के साथ-साथ काफी संवेदनशील भी है। ऐसे में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में धारा-144 लगा दी गई है। ममता और शुभेंदु के अलावा इस सीट से लेफ्ट की प्रत्याशी मीनाक्षी मुखर्जी भी मैदान में हैं, लेकिन कांटे की टक्कर ममता और शुभेंदु के बीच ही मानी जा रही है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए नंदीग्राम में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। यहां पर ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी।
असम में दूसरे चरण में 39 सीटों पर मतदान हो रहा है, जहां करीब 73.44 लाख मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 37,34,544 पुरुष वोटर और 36,09,966 महिला वोटर हैं। इस चरण में 26 महिलाएं चुनावी मैदान में उतरी हैं। इनको मिलाकर करीब 340 उम्मीदवार के भाग्य का फैसला ईवीएम मशीनों में कैद हो जाएगा। असम में दोबारा सरकार बनाने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
असम में दूसरे चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस की 90 कंपनियां तैनात की गई हैं।