Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात सीओ अशोक सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो मूंछों पर ताव देते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव को वीडियो भेजने की बात कर रहे हैं। इस पर अब समाजवादी पार्टी के मुखिया की प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा अध्यक्ष ने सीओ को अपने ही अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा कि हम इनके निलंबन की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि अब बदलाव होने जा रहा है।
अखिलेश यादव ने सीओ अशोक सिंह का वीडियो शेयर किया, जिसमें पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उनकी ग्रामीणों के साथ बहस हो रही है। इसी दौरान एक शख्स उनका वीडियो बनाने लगता है, जिस पर अशोक सिंह अपने नाम का जिक्र करते हुए मूंछों पर ताव देते हुए कहते हैं, "बना लो वीडियो, वायरल कर देना, अखिलेश यादव के दे देना।" जिसके बाद ये वीडियो आग की तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अखिलेश यादव ने दिया मैनपुरी CO को जवाब
सपा अध्यक्ष ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है, इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है। ऐसे लोगों से क्या होना इंसाफ़ है, पर अब ये कुछ दिनों की बात है। क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है, हम निलंबन की माँग नहीं करेंगे।'
सीओ ने वायरल वीडियो पर दी सफ़ाई
हालांकि, इस पूरे मामले पर सीओ अशोक सिंह की सफ़ाई भी सामने आई है। उन्होंने बताया कि थाना एलाऊ क्षेत्र में क्लीनर की हत्या कर दी गई थी। सीओ ने कहा कि इस घटना में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन बावजूद इसके प्रधान एक अन्य शख्स को इस मामले में झूठा नामजद मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे।
सीओ ने कहा कि वहां पर मुझे एक जाति विशेष का पुलिस अधिकारी बताया गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने कहा कि इस वीडियो को संबंधित पार्टी के पास भेज दो। तो मैंने बस यही कहा था कि ये वीडियो उनको न भेजकर उससे ऊपर भेज दो।