Unnao News : यूपी के उन्नाव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के लालताखेड़ा में दहेज के लिए पत्नी के सिर पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर हत्या कर दी गई। जिस समय आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया, उस समय महिला के दो मासूम बच्चे कोने में छिपकर देख रहे थे। घटना के बाद बच्चों ने इसकी खबर आसपास के लोगों को दी। घटना के बारे में सुनकर लोग दंग रह गए। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सास-ससुर को हिरासत में ले लिया है। पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह पति ने पत्नी के सिर पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ पांच वार कर हत्या कर दी। विवाहिता के पिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सास-ससुर को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। लालताखेड़ा गांव निवासी राजेश लोधी टाइल्स लगाने का कारीगर है।
खून से लथपथ पड़ी थी सीमा
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब छह साल पहले यानी 2019 में राजेश लोधी की आसीवन थाना इलाके के अजमत नगर निवासी सीमा (28) से शादी हुई थी। बुधवार की सुबह राजेश घर के बरामदे में पत्नी सीमा के सिर पर एक के बाद एक हथौड़ी से पांच वार कर हत्याकर फरार हो गया। सीमा की बड़ी बहन उन्नाव के ईदगाह निवासी पूनम ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब नौ बजे वह जब मौके पर पहुंची, उस समय सीमा खून से लथपथ पड़ी थी। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।