भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (Jagat Prakash Nadda) के लिए हिमाचल (Himachal) को जीतना अब प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। नड्डा ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति के काजा में रविवार को जनसभा की। उसके बाद नड्डा ने कुल्लू में रात्रि ठहराव किया। कुल्लू में वह अपनी बुआ के घर में रुके थे। इसे नड्डा अपना दूसरा घर मानते हैं। नड्डा ने रात 12:00 बजे तक प्रदेश भर का फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने प्रदेश के कई नेताओं के साथ ऑनलाइन बैठक भी की। इसके बाद वह सोमवार को दिल्ली लौटे।
बता दें कि नड्डा ने कुल्लू के एक होटल में जिला भाजपा संगठन के आनी, बंजार, कुल्लू और मनाली के मंडल अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने जिले के सभी नेताओं को जीत का मंत्र भी दिया। नड्डा ने भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे नेताओं से होने वाले नुकसान पर भी मंडल अध्यक्षों से फीडबैक लिया।
नड्डा ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में और तेजी लाई जाए। उन्होंने जिला और मंडल पदाधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। साथ ही उन्होंने पूर्व सांसद महेश्वर सिंह (Maheshwar Singh) से बंद कमरे में आधे घंटे तक बात की।