Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की तैयारियों ने क्रिकेट फैंस का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया है। टूर्नामेंट का आगाज आज से होने जा रहा है और इसका फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। इस बार एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला जाएगा, जिसकी सबसे बड़ी वजह अगले साल होने वाला आईसीसी टी20 विश्व कप है। यही परंपरा एशिया कप में रही है कि अगले बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के मुताबिक इसका फॉर्मेट तय किया जाता है।भारत का रिकॉर्ड इस टूर्नामेंट में बेहद प्रभावशाली रहा है। एशिया कप टी20 का यह तीसरा संस्करण होगा। पहला संस्करण 2016 में खेला गया था, जब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम किया।
हॉन्गकॉन्ग और यूएई जैसी टीमों के खिलाफ मैदान संभाला
इसके बाद 2022 में यह टूर्नामेंट दूसरी बार टी20 फॉर्मेट में खेला गया था, जिसे श्रीलंका ने जीता। भारत अब तक एशिया कप टी20 में कुल 10 मैच खेल चुका है, जिनमें से 8 में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। दो मुकाबलों में उसे हार झेलनी पड़ी है और ये दोनों हार 2022 में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ आई थीं। एशिया कप 2025 में कुल आठ टीमें खेल रही हैं। इनमें से अन्य छह टीमों के खिलाफ भारत 2016 और 2022 में एशिया कप टी20 में खेल चुका है। भारत ने बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, हॉन्गकॉन्ग और यूएई जैसी टीमों के खिलाफ मैदान संभाला है।
ओमान के खिलाफ भारत पहली बार इस टूर्नामेंट में उतरेगा
ओमान के खिलाफ भारत पहली बार इस टूर्नामेंट में उतरेगा। भारत ने एशिया कप टी20 के अब तक खेले गए मैचों में बांग्लादेश के खिलाफ दो में से दोनों मुकाबले जीते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने तीन मैच खेले हैं, जिनमें दो में जीत मिली जबकि एक में हार झेलनी पड़ी। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने एक मैच खेला और उसे भी जीता। हॉन्गकॉन्ग और यूएई के खिलाफ खेले गए एक-एक मैच में भी भारत विजयी रहा। श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया ने दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें से एक जीता और एक हारा।