Lucknow father murder case: लखनऊ, जिसे अदब का शहर कहा जाता है, जहां आदाब और पहले आप की परंपरा रही है। उसी शहर में नजाकत और नफासत को छोड़ पहले आप पहले आप की बजाय सगे बेटे ने बाप को मार के लाश के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। सिर्फ इतना ही नहीं उस लड़के ने पिता के शव को काटकर हाथ-पैर कहीं और फेंक कर, सिर और धड़ को नीले ड्रम में बंद कर दिया। वारदात ऐसी कि सुनने वाले के हाथ-पैर कांप जाएं। मेरठ के मुस्कान नीले ड्रम वाले केस के बाद अब एक बार फिर से नीला ड्रम सुर्खियों में है। चलिए जानें कि यह नीला ड्रम कितने रुपये का आता है।
क्या है पूरा मामला?
लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सोते हुए उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। सिर्फ इतना ही नहीं वह कपूत गोली मारने के बाद भी वहां तब तक खड़ा रहा, जब तक पिता की सांसें नहीं थम गईं। वह वहां पर खड़े होकर अपने पिता को तड़पते हुए देख रहा था। इस दौरान उसकी बहन की उसके साथ ही थी। बहन को भी भाई के इस कुकृत्य का पूरी तरह से पता था। मौत के बाद बेटे ने पिता की डेड बॉडी को आरी से काटा और उसे नीले ड्रम में डाल दिया। रिपोर्ट्स बताती हैं कि घरवालों को शक न हो, इसके लिए वो अपनी चाची से जाकर भी मिला और पिता के शव के पास बैठकर नॉनवेज भी खाया।
कितने रुपये का मिलता है नीला ड्रम?
मेरठ और लखनऊ में सामने आए चर्चित हत्याकांडों के बाद जिस नीले ड्रम की चर्चा हो रही है, वह आम तौर पर प्लास्टिक का बड़ा स्टोरेज ड्रम होता है। ऐसे ड्रम घरेलू और औद्योगिक कामों में पानी, अनाज, केमिकल या कचरा रखने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
बाजार में इन नीले प्लास्टिक ड्रम की कीमत उनकी क्षमता (लीटर में), प्लास्टिक की क्वालिटी और ब्रांड पर निर्भर करती है। आम तौर पर 100 लीटर का एकदम नया ड्रम करीब 700 से 1,200 रुपये के बीच मिल जाता है। 150 से 200 लीटर का ड्रम लगभग 1,200 से 2,500 रुपये तक आता है. कुछ भारी और मोटे प्लास्टिक वाले 220 से 250 लीटर के ड्रम 2,000 से 3,500 रुपये या उससे ज्यादा में भी बिकते हैं।
स्थानीय प्लास्टिक बाजार, हार्डवेयर दुकानों में ये ड्रम कई बार पुराने और इस्तेमाल किए गए भी बेचे जाते हैं, इसलिए लोकल मार्केट में इसकी कीमत 250 से 500 रुपये के आसपास हो सकती है।
ऑनलाइन पर क्या है रेट?
अब इसमें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कीमत में थोड़ा फर्क हो सकता है, क्योंकि सेकंड हैंड या पुराने ड्रम तो सस्ते भी मिल जाते हैं। वहीं अमेजॉन की बात करें तो वहां पर 200 लीटर का यह नीला ड्रम 5000 रुपये मिल रहा है। वहीं फ्लिपकार्ट पर 200 लीटर का ड्रम तो मौजूद नहीं है, लेकिन 50 लीटर का ड्रम ढक्कन के साथ 955 रुपये का बेचा जा रहा है। इससे 200 लीटर के ड्रम की कीमत का अंदाजा लग सकता है।