Manohar Lal: बीरेंद्र सिंह का कांग्रेस में वापस जाने की खबरें सुर्खियों में बनी हुई है, गौरतलब है कि 9 अप्रैल को वह घर वापसी करेंगे। ऐसे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऐसे में सिरसा पहुंचे पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बीरेंद्र सिंह और भूपेंद्र हुड्डा की अनबन पर चुटकी लेते हुए कहा कि- "बहुत से लोग ऐसे हैं, जो कीचड़ में फंसे रहते हैं। उन्हें वहीं थोड़ा बहुत जलपान मिलता रहता है। कुछ लोगों को कीचड़ में खिला हुआ कमल दिखाई दे जाता है। वह उसकी सवारी करते हैं और आनंद लेते हैं। कभी कभी कुछ लोग कमल पर चढ़ जाते हैं, उनके मन में रहता है कि वहां ज्यादा मजा था। वह दोबारा कीचड़ में चले जाते हैं।"
घर वापसी करेंगे बीरेंद्र सिंह
नवरात्र के पहले दिन भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह कांग्रेस में घर वापसी करेंगे। दिल्ली के 24 अकबर रोड पर कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में वो कांग्रेस का दामन थामने वाले हैं। खबरों के मुताबिक बीरेंद्र सिंह अपने हजारों साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं।
नहीं बदलेंगे बीजेपी के उम्मीदवार: मनोहर लाल
सिरसा पहुंचे मनोहर लाल ने बीजेपी के उम्मीदवारों पर लगी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंन कहा कि-किसानों द्वारा बीजेपी उम्मीदवार के विरोध का सवाल पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बीजेपी के किसी भी उम्मीदवार का कोई विरोध नहीं है। वहीं हरियाणा में बीजेपी के उम्मीदवारों के बदले जाने की अफवाह पर विराम लगाते हुए मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक बार जो निर्णय कर लेती है वो फाइनल होता है, हरियाणा में बीजेपी के जो 10 उम्मीदवार हैं वो वहीं रहेंगे।