Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में अवैध संबंधों के चलते एक बार फिर खून का खेल खेला गया। यहां लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार गांव में एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर डाली। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है. जबकि मुख्य आरोपी प्रेमी की तलाश में पुलिस की चार टीमें छापेमारी कर रही हैं।
मृतक अमित सिंह पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और इसी गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, अमित का साथी दीपक भी ट्रक चलाने का काम करता था। अमित अपने दोस्त दीपक पर अटूट भरोसा करता था और इसी वजह से दीपक का अक्सर अमित के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी मेल-जोल के दौरान अमित की पत्नी शिल्पी सिंह और दीपक के बीच प्रेम संबंध बन गए।
अवैध संबंधों का विरोध बना मौत की वजह
परिजनों के अनुसार, जब शिल्पी और दीपक के संबंधों की जानकारी घर वालों को हुई, तो काफी विवाद हुआ था। उस समय दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवा दिया गया था। लेकिन दोनों के सिर पर इश्क का ऐसा भूत सवार था कि उन्होंने अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. शनिवार को भी दीपक, अमित के घर आया हुआ था।
रात के सन्नाटे में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात जब अमित गहरी नींद में सो रहा था, तब दीपक और शिल्पी ने खौफनाक कदम उठाया। दीपक ने शिल्पी के साथ मिलकर सो रहे अमित पर किसी धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि अमित को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची लंभुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।