Parliament Budget Session : आज संसद के बजट सत्र का सातवां दिन है। विपक्षी दलों और सरकार के बीच गतिरोध बरकरार रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही बीते तीन दिनों से हंगामे की भेंट चढ़ रही है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में जवाब दे सकते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देने के लिए पीएम मोदी को लोकसभा में चार अप्रैल की शाम पांच बजे से भाषण देना था, लेकिन, विपक्ष के हंगामे के कारण पीएम मोदी का भाषण टल गया। रिपोर्ट्स में ये अनुमान भी लगाया जा रहा है कि लोकसभा में गतिरोध नहीं थमने पर सरकार पीएम मोदी के भाषण के बगैर ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास कर सकती है।
नारेबाजी करने के बाद स्पीकर ने लोकसभा को स्थगित कर दिया
इससे पहले छठे दिन की कार्यवाही के दौरान राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। यहां जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष खरगे, बिहार से निर्वाचित राजद सांसद मनोज झा, तमिलनाडु के सांसद कमल हासन आदि ने अपनी बातें रखीं। गौरतलब है कि लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला ने इस विषय पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय निर्धारित किया था। राज्यसभा में 16 घंटे चर्चा होनी थी। इसके बाद दोनों सदनों में पीएम मोदी को चर्चा का जवाब देना था। वहीं बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपेक्षित था, लेकिन विपक्षी सदस्यों द्वारा बार-बार व्यवधान डालने और नारेबाजी करने के बाद स्पीकर ने लोकसभा को स्थगित कर दिया। आज राज्यसभा में चर्चा जारी रहने के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिए जाने की संभावना है।
'राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा जारी रखेंगे
संसद के दोनों सदन गुरुवार को चल रहे बजट सत्र के दौरान 'राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा जारी रखेंगे। लोकसभा में यह प्रस्ताव सरबानंदा सोनोवाल ने पेश किया और तेजस्वी सूर्या ने इसका समर्थन किया। सदन ने इस पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय आवंटित किया है। साथ ही विपक्ष ने संसद में अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर विस्तृत जानकारी के लिए चर्चा की मांग की है।