दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) 24 अप्रैल को 49 साल के हो गए हैं। दुनियाभर से उनके जन्मदिन पर उन्हें काफी शुभकामनाएं मिल रही हैं। सचिन इन दिनों आईपीएल (IPL 2022) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए युवा प्रतिभाओं को तराशने का काम में जुटे हुए हैं। इस पर सचिन का कहना है कि यंग प्लेयर्स को मौके और रिस्क लेने की छूट होनी चाहिए। सचिन का यही बड़प्पन उन्हें यंग प्लेयर्स के बीच और भी ज्यादा पॉपुलर बनाता है।
इस बीच एमआई के प्लेयर सूर्यकुमार यादव (SKY) ने सचिन तेंदुलकर को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। सूर्यकुमार यादव ने सचिन से मिलने की अपनी एक स्टोरी शेयर करते हुए कहा, जब मैं पहली बार मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में गया था तब वहां बैठने की बिल्कुल जगह नहीं थी। वहां इतने सारे खिलाड़ी बैठे थे। मैं किटबैग लेकर बस खड़ा था। हमेशा सचिन सर एक ही जगह पर बैठते थे जहां गणेशजी की मूर्ति लगी हुई है। इस दौरान उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या हुआ? तो मैंने कहा कि, यहां बैठने की कहीं जगह ही नहीं है।
तो उन्होंने मुझसे कहा कि, कहीं भी कुर्सी डालकर अपनी जगह बना ले। इसपर मैंने कहा कि यहां जगह नहीं है। फिर वह बोले कि चल ठीक है तू इधर आ जा... और उन्होंने मुझे अपने पास ही बैठा लिया। तब से लेकर आज तक मैं उसी जगह पर बैठता हूं। डोमेस्टिक गेम हो या फिर आईपीएल, मेरी जगह अब फिक्स है। सूर्य ने कहा, जहां से मैंने शुरुआत की है, भगवान ने मुझे जहां बैठाया है, अब हमेशा मुझे उधर ही बैठना है। मुझे अब भी सचिन सर से मिलकर वैसा ही लगता है जैसे की पहली बार लगा था। ऐसा लगता है कि वह अब भी खेलेंगे।
बता दें कि 2012 में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने आईपीएल डेब्यू किया था लेकिन वह एक ही मैच खेल पाए थे। फिर दो साल बाद 2014 में उनकी धमाकेदार वापसी हुई। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 2013 सीजन के बाद ही आईपीएल से रिटायरमेंट ले लिया था। सचिन इसके बाद टीम के साथ एक मेंटर के तौर पर जुड़े रहे हैं।