UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर बड़ी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है।
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "हम समाजवादी पार्टी से कोई भीख नहीं मांग रहे हैं कि वे हमें कितनी सीटें देंगे। गठबंधन पर बातचीत होगी तो बराबरी के आधार पर होगी।"
कांग्रेस की तैयारियों पर मसूद ने कहा?
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, "समाजवादी पार्टी कौन होती है हमें सीटें देने वाली? कांग्रेस अपनी ताकत के दम पर तैयारी कर रही है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के साथ जो हुआ, उससे सभी राजनीतिक दलों को सीख लेनी चाहिए।"
यूपी चुनाव में कांग्रेस की तैयारियों को लेकर इमरान मसूद ने दावा किया कि पार्टी की तैयारी तेजी से चल रही है और लगभग 70 प्रतिशत बूथों पर संगठनात्मक काम पूरा हो चुका है। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का फार्मूला क्या होगा, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और वही तय करेगा कि कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।