पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्हें सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को कल सुबह हल्का बुखार था और बाद में जांच में उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिसके बाद उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बता दें कि ट्रॉमा सेंटर को कोविड-19 के उपचार केंद्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
वहीं, पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट में कहा, 'हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
इसके अलावा राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'प्रिय मनमोहन सिंह जी, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत को इस मुश्किल समय में आपके मार्गदर्शन और परामर्श की जरूरत है।' प्रियंका गांधी ने कहा, 'मनमोहन सिंह जी और उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना हैं। कामना है कि वह इस मुश्किल से लड़ेंगे और जल्द स्वस्थ होंगे।'