हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंडित तुलसी राम का देर रात कांगड़ा के निजी अस्पताल में निधन हो गया। तुलसी राम की उम्र 78 साल थी। बीते कुछ दिनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी। बता दें कि तुलसी राम भरमौर के विधायक रह चुके हैं व अभी काफी समय से पालमपुर में ही रह रहे थे। वही, कांगड़ा से उनकी पार्थिव शरीर को भरमौर लाया जा रहा है। खड़ली खड्ड पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, तुलसी राम ने रात 11 बजे कांगड़ा के बालाजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह काफी समय से किडनी रोग से पीड़ित थे। वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तुलसी राम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकग्रस्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।