CM Nayab Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार की देर शाम वृंदावन स्थित श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के सेवायत ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को बांसुरी, अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, "सावन के पावन महीने में बिहारी जी का आशीर्वाद लेने के लिए यहां पहुंचा हूं।"
सीएम सैनी ने किए ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने परिवार के साथ श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। देर शाम वह अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में सेवायतों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई और देहरी पूजन भी कराया। करीब 10 मिनट तक मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की गई।
जिला प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी एक दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मंगलवार शाम वृंदावन पहुंचे। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "राजनीतिक सवालों का जवाब नहीं दूंगा। मैं केवल धार्मिक यात्रा पर यहां पहुंचा हूं। भगवान श्रीकृष्ण की ब्रज भूमि, जहां उन्होंने राधा जी के साथ अनेक लीलाएं कीं, उस पवित्र भूमि को नमन करने का अवसर मिला है। भगवान श्रीकृष्ण यहां से परिवार के साथ कुरुक्षेत्र की भूमि पर गए थे। हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उनका आशीर्वाद लेने यहां आया हूं।"
राजनीतिक सवालों का नहीं दिया जवाब
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आगे कहा, "मेरे लिए यह परम सौभाग्य का दिन है कि सावन के पवित्र महीने में इस पावन भूमि पर आने का अवसर मिला। जिस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अनेक रासलीलाएं कीं, उस भूमि पर शीश नवाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं स्वयं को परम सौभाग्यशाली मानता हूं। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि भगवान श्रीकृष्ण का परिवार सहित कुरुक्षेत्र की भूमि पर आगमन हुआ था। मैं हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य, प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना करता हूं। उसी आशीर्वाद को प्राप्त करने के लिए यहां आया हूं। राजनीतिक सवालों का जवाब नहीं दूंगा।"