सतनाली मंडी (नारनौल) रेलवे प्रशासन की ओर से जोधपुर मंडल में किए जा रहे दोहरीकरण कार्य के चलते 14823/24 रेवाड़ी-जोधपुर रेलगाड़ी 26 फरवरी तक रद्द रहेगी। जानकारी के अनुसार जोधपुर मंडल के मेड़ता रोड-खारिया खंगार रेलखंड पर मध्य दोहरीकरण कार्य के कारण मेड़ता रोड-खारिया खंगार स्टेशनों के मध्य नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण 27 फरवरी तक अनेक रेलगाड़ियां रद्द/आंशिक रद्द/ मार्ग परिवर्तित रहेगी।
वरिष्ठ वाणिज्य मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनिल रैना के अनुसार जोधपुर मंडल के मेड़ता रोड-खारिया खंगार रेलखंड पर मध्य दोहरीकरण कार्य के कारण मेड़ता रोड-खारिया खंगार स्टेशनों के मध्य 13 से 27 फरवरी तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। जिसके कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य के कारण बीकानेर मंडल पर संचालित अनेक गाड़ियां रद्द/आंशिक रद्द/ मार्ग परिवर्तित रहेंगी।
इन रद्द की गई रेलगाड़ियों में 14823/24 रेवाड़ी-जोधपुर रेलगाड़ी भी शामिल है जो 26 फरवरी तक रद्द रहेगी। 14823 जोधपुर-रेवाड़ी रेलगाड़ी प्रतिदिन दोपहर 12:38 बजे सतनाली आती है जबकि 14824 रेवाड़ी-जोधपुर रेलगाड़ी दोपहर 2:38 बजे सतनाली पहुंचती है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 22421/22 जोधपुर-दिल्ली सराय-जोधपुर सुपरफास्ट दिल्ली सराय से 26 फरवरी व जोधपुर से 27 फरवरी तक 10 ट्रिप जोधपुर से डेगाना के बीच रद्द रहेगी।