दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत हासिल कर फिर एक बार राजधानी में अपनी सरकार बना ली है। अभी आम आदमी पार्टी का जश्न खत्म भी नहीं हुआ और ‘आप’ के लिए बुरी खबर आ गई। दरअसल, दिल्ली की महरौली विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव के काफिले पर देर रात अज्ञात लोगों ने हमला किया। इस हमले में AAP के एक कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हुआ है।
हमला उस वक्त हुआ जब नरेश यादव चुनाव के नतीजे आने के बाद मंदिर से वापस लौट रहे थे। इस हमले में बाल-बाल बचे नरेश यादव ने बताया कि इस हमले के पीछे का कारण क्या है मुझे नहीं पता, लेकिन यह अचानक हुआ था। उन्होंने कहा कि करीब चार राउंड फायर हुई थी. जिस वाहन में हम बैठे हुए थे, उस पर हमला किया गया।
‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि महरौली से विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला हुआ है। इस हमले में जिस समर्थक की मौत हुई है उसका नाम अशोक मान है। संजय सिंह ने ट्वीट किया, 'महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला अशोक मान की सरेआम हत्या। ये है दिल्ली में कानून का राज। नरेश यादव मंदिर से दर्शन कर के लौट रहे थे।'