होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति-PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति-PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

 

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का बुधवार को 65 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। अंगड़ी कोरोना वायरस से संक्रमित थे और उनका एम्स में इलाज चल रहा था। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनका निधन बुधवार रात लगभग आठ बजे एम्स ट्रॉमा सेंटर में हुआ। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत विभिन्न हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। 

अंगड़ी ने 11 सितंबर को को दी थी कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी 

11 सितंबर को वह कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने ट्वीट करके खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। अंगड़ी ने लिखा था, 'आज मेरा कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं ठीक हूं। डॉक्टरों से सलाह ले रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और कोरोना के कोई भी लक्षण आने पर टेस्ट करवाएं।'

वही, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, 'केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की, विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ''सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जिनकी प्रशंसा होती थी। उनका निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।''

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने भी रेल राज्य मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा है, 'रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ीजी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह अच्छे प्रशासक, सदाबाहर सांसद और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति।'

अमित शाह ने कहा, 'रेल राज्य मंत्री और कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश अंगड़ीजी के निधन का समाचार मिलने से दुखी हूं। उन्हें राष्ट्र और पार्टी की निस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा याद किया जायेगा। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति शांति शांति।'

वही, रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, 'सुरेश अंगडी जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वह मेरे भाई की तरह थे। लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा समर्पण का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों तथा मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ऊॅं शांति।'

जानकारी के लिए आपको बता दें की सुरेश अंगड़ी का अंतिम संस्कार आज यानि गुरुवार को होगा.।वही, उनके सम्मान में राजधानी दिल्ली के सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। 

यह भी पढ़ें- शिमला: कोरोना संक्रमित महिला ने की आत्महत्या, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप


संबंधित समाचार