होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

PM मोदी ने देशवासियों को दी रामनवमी की शुभकामनाएं, बोले- 'मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है'

PM मोदी ने देशवासियों को दी रामनवमी की शुभकामनाएं, बोले- 'मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है'

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं दी है। उन्होंने भगवान राम को भारत की आस्था और भारत का आधार बताया है। रामनवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा का जिक्र करते हुए उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को नमन भी किया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "देशभर के मेरे परिवारजनों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं! इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है। ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने कोटि-कोटि देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। अवधपुरी के उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में स्पंदित होती हैं।"

वहीं, अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले व्यक्तियों को नमन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है। प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं। भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा, "मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण के सशक्त आधार बनेंगे। उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। प्रभु श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन!" 

रामलला के मस्तक पर होगा अद्भुत सूर्य तिलक 

आपको बता दें कि रामनवमी के इस पावन पर्व पर अयोध्या में रामलला के मस्तक पर आज अद्भुत सूर्य तिलक किया जाएगा। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के विराजमान हो जाने के बाद रामनवमी का यह पावन पर्व भव्य अंदाज में मनाया जा रहा है।

रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे जब भगवान श्रीराम का जन्म होगा, उसी के बाद उनके माथे पर सूर्य की किरण पड़ेगी यानी अयोध्या के मंदिर में आज भगवान राम के अद्भुत सूर्य तिलक का नजारा देखने को मिलेगा। भगवान राम का यह सूर्य अभिषेक विज्ञान के फॉर्मूले के तहत किया जा रहा है। इस अद्भुत पल के साक्षी देश के साथ-साथ दुनियाभर में बैठे राम भक्त बनेंगे जो इस नजारे को लाइव देख पाएंगे। 

https://www.youtube.com/watch?v=Vje28YrZDCE


संबंधित समाचार