होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

कैबिनेट मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, पीयूष गोयल संभालेंगे वित्त मंत्रालय, स्मृति से छिना I&B

कैबिनेट मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, पीयूष गोयल संभालेंगे वित्त मंत्रालय, स्मृति से छिना I&B

 

नई दिल्ली: कर्नाटक नतीजों से पहले मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्रालय में बड़ा फेरबदल हुआ है। रेल मंत्रालय संभाल रहे पीयूष गोयल को अतिरिक्त मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। दरअसल, वित्त मंत्री अरुण जेटली की खराब तबीयत के चलते यह फैसला लिया गया है।

बता दें कि अरुण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। जेटली पिछले काफी समय से स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे थे। खराब स्वास्थ्य का असर उनके कामकाज पर पड़ रहा था। जिसके चलते ये निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक पीयूष गोयल तब तक वित्त मंत्रालय का कार्यभार देखेंगे, जब तक कि अस्वस्थ चल रहे अरुण जेटली पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते। जेटली का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में इलाज़ चल रहा है।

तो वहीं स्मृति ईरानी की जगह केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राज्यवर्धन राठौड़ अब नए सूचना मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनेंगे। स्मृति अब सिर्फ कपड़ा मंत्रालय ही देखेंगी। खबरों की मानें तो स्मृति ईरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय वापस लेना मोदी सरकार का बड़ा फैसला है। स्मृति से इससे पहले भी एचआरडी मंत्रालय छीना गया था। 

 

गौरतलब है कि 26 मई को ही मोदी सरकार के चार साल पूरे हो रहे हैं। बताया जा रहा कि पीएमओ से सभी मंत्रियों के कामकाज को स्कैन किया जा रहा है। माना जा रहा कि स्मृति के कामकाज के चलते ही उनका पत्ता कटा है। अब उन्हें सिर्फ कपड़ा मंत्रालय तक ही सीमित कर दिया गया है।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राठौड़ को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। इसके अलावा एसएस अहलूवालिया से पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री का प्रभार लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग का प्रभार सौंपा गया है।

अल्फोंस कन्नथनम से इलेक्ट्रॉनिक और आईटी राज्य मंत्री का प्रभार ले लिया गया है। वह पर्यटन राज्य मंत्री बने रहेंगे। पिछले साल जुलाई में एम वेंकैया नायडू ने राजग की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ईरानी को मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया था।


संबंधित समाचार