होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश को छोड़ पूरे देश में आज से घरेलू उड़ानें शुरू

पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश को छोड़ पूरे देश में आज से घरेलू उड़ानें शुरू

 

कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच देश में दो माह बाद घरेलू उड़ानों का परिचालन आज यानि सोमवार (25 मई) से शुरू हो गया है। लेकिन आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अभी भी हवाई सेवा की शुरुआत नहीं होने वाली है। ऐसे में दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 4:45 पर पुणे के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई। जबकि मुंबई एयरपोर्ट से सुबह 6:45 पर पहली फ्लाइट पटना के लिए रवाना हुई।

इससे पहले घरेलू विमान सेवा की शुरुआत को लेकर रविवार को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था, 'देश में नागरिक उड्डयन कार्यों की सिफारिश करने के लिए विभिन्न राज्यों के साथ बातचीत का एक लंबा दिन रहा। आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर सोमवार से पूरे देश में घरेलू उड़ानों की शुरुआत होगी।' उन्होंने ट्वीट कर हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि सोमवार से मुंबई और राज्य के अन्य हवाई अड्डों से अनुमोदित और अनुसूची के अनुसार मुंबई से सीमित उड़ानें होंगी। वहीं, आंध्र प्रदेश में 26 मई और पश्चिम बंगाल में 28 मई से घरेलू उड़ानों की शुरुआत की जाएगी।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार (24 मई) को गाइडलाइन जारी कर कहा कि राज्य यात्रियों को क्वारंटाइन करने के नियम खुद तय कर सकते हैं। मंत्रालय ने घरेलू उड़ानों, ट्रेन और बस यात्रा के लिए क्वारंटाइन गाइडलाइन जारी कर राज्यों और हवाई यात्रियों की मुश्किलें काफी हद तक दूर कर दी। इसमें कहा गया है कि यात्रा की समाप्ति पर अगर यात्रियों में कोरोना के लक्षण मिलते हैं तभी उन्हें क्वारंटाइन किया जाए। लेकिन राज्य चाहें तो इसमें बदलाव कर स्वयं निर्णय ले सकते हैं किन्हें क्वारंटाइन करना है, किन्हें नहीं या फिर सभी यात्रियों को क्वारंटाइन करना है। राज्य सरकारें अपनी जरूरत के हिसाब से क्वारंटाइन और आइसोलेशन के प्रोटोकाल तय कर सकती है। 

अब एयरपोर्ट पर यात्रियों को इन नए नियमों का करना होगा पालन 

उत्तर प्रदेश जाने और आने वाले यात्री ध्यान दें 

यूपी के बाहर से आने वाले यात्रियों को 14 दिन के होम क्वारंटाइन में रहेंगे। ऐसे में आगमन के छठवें दिन रिपोर्ट निगेटिव आने पर होम क्वारंटाइन खत्म होगा। वही, हवाई अड्डे से निकलने से पहले https://reg.upcovid.in पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। इसके अलावा एक सप्ताह से कम समय के लिए जो यात्री आ रहे हैं उन्हें वापसी का पूरा ब्योरा और टिकट देना होगा। किस काम से आए हैं। क्यों और कहां जा रहे हैं। इसका विवरण देना होगा। वे क्वारंटाइन नहीं होंगे। वही, अपने घर आने वाले यात्रियों को स्थानीय जिला प्रशासन जांच के बाद ही जाने देगा। जिला प्रशासन ही होम क्वारंटाइन में छूट देने के लिए जिम्मेदार होगा। इस बीच यूपी से अन्य राज्य जाने वालों को भी जांच से गुजरना पड़ेगा और पंजीकरण करना होगा लौटने का टिकट भी दिखाना होगा। किस काम के लिए जा रहे इसका विवरण देना होगा। 

तमिलनाडु में व्यक्ति को 14 दिन के क्वारनटीन में रहना होगा 

तमिलनाडु ने जो नियम बनाए हैं उनके मुताबिक राज्य में आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा इसके लिए एयरपोर्ट पर इंतजाम भी किए गए हैं। यात्रियों के सामान को डिसइंफेक्ट किया जाएगा। एयरपोर्ट पर सभी अधिकारी पीपीई किट में रहेंगे। इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण बात है कि राज्य में आने वाले सभी व्यक्ति को 14 दिनों के लिए क्वारनटीन में रहना होगा। 

पटना आने और जाने वाले यात्रियों के लिए ये है नियम

पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों को जानकारी देने के लिए हेल्पडेस्क बनेगी। हर आने-जाने वाले यात्री की मेडिकल स्क्रीनिंग होगी। एयर टिकट ही वाहन पास का काम करेगा। वाहन से एयरपोर्ट तक आने के लिए टिकट जरूरी होगा। यात्रियों को घर तक पहुंचने के लिए पर्याप्त संख्या में ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी आदि की व्यवस्था होगी। 

यात्रियों के लिए दिल्ली सरकार ने जारी की गाइडलाइंस 

दिल्ली सरकार ने भी अपनी गाइडलाइंस जारी की हैं। जिसमें कहा गया है कि यात्रियों का क्वारनटीन अनिवार्य नहीं होगा। बिना लक्षण वाले यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि वह अगले 14 दिन तक अपने स्वास्थ्य को मॉनिटर करें। अगर उनमें कोई लक्षण आता है तो वह तुरंत डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर को सूचना दें। वही, जिन यात्रियों में कोरोना के लक्षण पाए जाएंगे उनको पास के अस्पताल में तुरंत ले जाया जाएगा और देखा जाएगा कि उनकी असल स्थिति क्या है। अगर पॉजिटिव पाए गए तो प्रोटोकॉल के हिसाब से इलाज होगा और यदि निगेटिव पाए गए तो उन्हें घर जाने की इजाजत होगी लेकिन अगले 7 दिन आइसोलेशन में ही रहना होगा। 

हिमाचल और चंडीगढ़ जाने वाले यात्री के लिए जरुरी सूचना

रेड जोन से हिमाचल प्रदेश आने वाले हवाई यात्रियों को 14 दिन पृथक-वास में रहना होगा। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में भुगतान करने पर पृथक-वास की सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटकों को जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें तत्काल पृथक-वास में रखा जाएगा। वही, हिमाचल प्रदेश के वैध पते वाले नागरिकों ही धर्मशाला के गग्गल हवाई अड्डे जाने दिया जाएगा। चंडीगढ़ में बिना लक्षण वाले ट्रेन या हवाई यात्रियों को 14 दिन क्वारंटाइन किया जाएगा। 

छत्तीसगढ़ आने और जाने वाले यात्रियों के लिए नियम 

यात्रियों को संबंधित राज्य से प्रस्थान के पूर्व छत्तीसगढ़ सरकार के पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। एक बार में 20 यात्री ही विमान से बाहर निकलेंगे सभी के समानों को सैनेटाइज किया जाएगा। जिन यात्रियों में लक्षण मिलेंगे उन्हें अलग से स्थापित किए गए पृथक कियोस्क में भेजा जाएगा। ऐसे यात्रियों का चेक-इन बैगेज से लेकर उन्हें एम्बुलेंस तक पहुंचाने का जिम्मा ग्राउंड स्टाफ का होगा। छत्तीसगढ़ से अन्य राज्य जाने वालों को भी जांच से गुजरना पड़ेगा और पंजीकरण करना होगा- यात्रियों के बोर्डिंग पास तथा वाहन चालक के ई-पास के आधार पर ही हवाईअड्डे में प्रवेश दिया जाएगा। 

केरल में यात्रियों को होना पड़ेगा क्वारनटीन 

हवाई सेवा को लेकर केरल ने भी गाइडलाइन जारी की है जिसके तहत, यात्रियों को covid19jagratha.kerala.nic.in पर रजिस्टर करना होगा। केरल पहुंचे यात्रियों को 14 दिनों तक क्वारनटीन रहना होगा। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम से दूसरे जिलों तक जाने के लिए केरल परिवहन विभाग की बसें चलेंगी। 

उत्तराखंड के लिए यात्रियों के लिए ये है रूल्स 

सभी यात्रियों को अनिवार्य तौर पर संस्थागत क्वारंटाइन में रहना होगा। इसके लिए किराए पर कमरा मिलेगा। सभी यात्रियों को उत्तराखंड सरकार के वेबपोर्टल पर खुद को पंजीकृत करना होगा। एडिशनल नोडल अधिकारी आने वाले सभी यात्रियों का नाम-पता राज्य सैटेलाइट कंट्रोलरूम को देंगे। 

ओडिशा वाले यात्री ध्यान दें 

ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सात दिन संस्थागत और सात दिन घर में क्वारंटाइन रहना होगा। शहर क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को 14 दिन घर में ही रहना होगा। इसकी निगरानी पुलिस करेगी। 72 घंटे के लिए राज्य में आने वालें अधिकारी, पेशेवर, व्यवसायी को क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा। 

जम्मू आने और जाने वाले यात्रियों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद ही भेजा जाएगा घर 

जांच रिपोर्ट आने तक जम्मू और श्रीनगर आने वाले यात्रियों को संस्थागत पृथकवास में रहना होगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें 14 दिन तक गृह पृथकवास में भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- चांद का हुआ दीदार, देशभर में आज मनाई जाएगी ईद-उल-फितर


संबंधित समाचार