होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

आंदोलन के कारण किसानों का निशाना बने BJP नेता अब घर-घर जाकर कृषि कानूनों की 'भ्रांतियां' करेंगे दूर

आंदोलन के कारण किसानों का निशाना बने BJP नेता अब घर-घर जाकर कृषि कानूनों की 'भ्रांतियां' करेंगे दूर

 

किसान आंदोलन के कारण कई कार्यक्रमों में किसानों के रोष का निशाना बने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अब 'दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है' की तर्ज पर छोटी टोलियों में घर-घर जाकर कृषि कानूनों के बारे में लोगों की 'भ्रांतियां' दूर करेंगे।

फतेहाबाद में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद 'तथ्य, सत्य और किसान आंदोलन' शीर्षक से एक पंपलेट जारी कर कहा कि कार्यकर्ता इस पंपलेट के माध्यम से किसानों की भ्रांतियां दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समूह में जाने की बजाय छोटी टोलियों में जाएंगे और किसी बहस या विवाद में ना पड़कर किसान नेताओं, अड़ोसी-पड़ोसी को ही कृषि कानूनों के बारे में बताएंगे कि यह कानून किस तरह से किसान के हित में हैं।

इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन अब राजनीतिक आंदोलन में तब्दील हो गया है। वही, संजय शर्मा ने कहा कि जो लोग संसद घेराव की बात कर रहे हैं, अगर 26 जनवरी की तरह फिर से हिंसा होती है तो कौन जिम्मेदार होगा? उन्होंने कहा कि किसान कह रहे हैं कि हम भाजपा को वोट नहीं देंगे, चाहे काले चोर को देने पड़ें। उन्होंने आगे कहा कि ये ‘काले चोर‘ कांग्रेस वाले ही हैं।

इसके अलावा संजय शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब के कांग्रेसी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इशारे पर ही किसान आंदोलन चल रहा है। वही, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ रही कीमतों के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने सफाई देने के अंदाज में कहा कि देश के विकास के लिए राजस्व की आवश्यकता पड़ती है, इसलिए मजबूरी में यह कदम उठाने पड़ते हैं।

यह भी पढ़ें- बाल यौन उत्पीड़न रोकनेे के लिए हरियाणा पुलिस ने शुरू किया 'हिफाज़त' अभियान


संबंधित समाचार