होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

हरियाणा विधानसभा में हुआ डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण

हरियाणा विधानसभा में हुआ डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की सात फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर सीएम के अलावा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा और प्रदेश के सभी मंत्री एवं सभी दलों के विधायक उपस्थित रहे।

वहीं, प्रतिमा के अनावरण अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा, 'विधानसभा परिसर में अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करना हरियाणा विधानसभा के इतिहास का महत्वपूर्ण फैसला है। इस शुभ अवसर पर सभी दलों के विधायक पहुंचे, यह खुशी की बात है। बाबा साहेब ने देश की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए संविधान बनाया और सभी को समान अधिकार दिए। वह भारत माता के सच्चे सपूत थे।'

उन्होंने कहा कि मैं सभी को आह्वान करता हूँ बाबा साहेब अम्बेडकर के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ें। इसके अलावा इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा, 'अम्बेडकर ने देश के संविधान की रचना की। उनकी प्रतिमा स्थापित करने की बात काफी दिनों से मन में थी। अंतत: आज यह शुभ दिन आया है।'

उन्होंने कहा, 'प्रतिमा के साथ ही यहां पर संविधान की प्रति भी रखी गई है। विधानसभा में आने वाले सभी विधायकों को यह प्रतिमा संविधान की मर्यादा का पालन करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। बाबा साहेब ने देश को संविधान दिया है जिसके आधार पर देश की व्यवस्था चल रही है।'

बता दें कि यह प्रतिमा तांबे की बनी हुई है तथा इसका वजन 400 किलोग्राम है। इसे बनाने में एक माह का समय लगा है। प्रतिमा के अलावा गैलरी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर अब्दुल कलाम, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, स्वामी विवेकानंद आदि महान विभूतियों के सात आदमकद चित्र और विधानसभा का एक थ्री डी चित्र भी लगाया गया है। कार्बुजिए आर्ट गैलरी के डॉ. विशाल भटनागर की देखरेख में इस प्रतिमा को हरियाणा लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) की टीम ने तैयार कराया है।

यह भी पढ़ें- कृषि कानूनों समेत इन मुद्दों को लेकर आज काला दिवस मनाएगी किसान सभा


संबंधित समाचार