होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

PM मोदी बोले- पाकिस्तान ने की थी पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश, फिर दुनिया ने देखी भारत की ताकत

PM मोदी बोले- पाकिस्तान ने की थी पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश, फिर दुनिया ने देखी भारत की ताकत

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को करगिल के शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह युद्ध भारत की मित्रता के जवाब में पाकिस्तान द्वारा पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश का परिणाम था। आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में लोगों के साथ अपने विचार साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने बड़े-बड़े मंसूबे पालकर भारत की भूमि हथियाने और अपने यहां चल रहे आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने को लेकर ये दुस्साहस किया था।

उन्होंने कहा,'आज 26 जुलाई है और आज का दिन बहुत खास है। आज करगिल विजय दिवस है। 21 साल पहले आज ही के दिन करगिल के युद्ध में हमारी सेना ने भारत की जीत का झंडा फहराया था।' उन्होंने कहा कि करगिल का युद्ध किन परिस्थितियों में हुआ था वह भारत कभी नहीं भूल सकता।

पीएम मोदी ने कहा, 'पाकिस्तान ने बड़े-बड़े मंसूबे पालकर भारत की भूमि हथियाने और अपने यहां चल रहे आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने को लेकर दुस्साहस किया था जबकि भारत, पाकिस्तान से अच्छे संबंधों के लिए प्रयासरत था।' उन्होंने कहा, 'ऐसे स्वभाव के लोग जो हित करता है, उसका भी नुकसान ही सोचते हैं। इसीलिए भारत की मित्रता के जवाब में पाकिस्तान द्वारा पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश हुई थी।'

मोदी ने कहा कि लेकिन उसके बाद भारत की वीर सेना ने जो पराक्रम दिखाया, जो ताकत दिखाई, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा, 'आप कल्पना कर सकते हैं कि ऊंचे पहाड़ों पर बैठा हुआ दुश्मन और नीचे से लड़ रही हमारी सेनाएं, हमारे जवान। लेकिन जीत पहाड़ की ऊंचाई की नहीं, भारत की सेनाओं के, उनके हौसले और सच्ची वीरता की हुई।' आपको बता दें कि आज कारगिल विजय की 21वीं वर्षगांठ है। भारतीय सेना ने 26 जुलाई को कारगिल में पाकिस्तानी सैनिकों को परास्त कर विजय पताका फहराई थी। 

यह भी पढ़ें- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- कभी अगर दुश्मन ने हमला किया तो हम उसे कारगिल जैसा मुंहतोड़ जवाब देंगे


संबंधित समाचार