होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

हिमाचल का 50वां पूर्ण राज्यत्व दिवस आज, CM जयराम ठाकुर ने गिनाईं उपलब्धियां

हिमाचल का 50वां पूर्ण राज्यत्व दिवस आज, CM जयराम ठाकुर ने गिनाईं उपलब्धियां

 

हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले आज 50 वर्ष पूरे हो गए है। इस खास मौके पर राज्य सरकार की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वही, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधनमंत्री  नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।

इसके अलावा देवभूमि हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय ‘‘स्वर्णिम हिमाचल’’ समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, 'यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है। लंबे संघर्ष के बाद प्रदेश को पूर्ण राज्यत्व मिला। हिमचालवासियों को इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं।'

इस दौरान कार्यक्रम में आने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का धन्यवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया  कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके हैं।

सीएम जयराम ठाकुर ने आगे कहा, 'पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने यहां आकर पूर्ण राज्यत्व की घोषणा की थी, वह इंदिरा गांधी को याद करते हैं। डॉ. यशवंत सिंह परमार को याद करते हैं। डॉ परमार ने प्लानिंग की बैठक में विकास के लिए तीन शब्दों में बात कही थी- सड़क, सड़क, सड़क। डॉ. परमार ने हिमाचल को एक विजन और एक दिशा दी। डॉ. परमार के बाद हिमाचल में जिन नेताओं ने इस प्रदेश को आगे बढ़ाया, उन्हें वह नमन करते हैं। शांता कुमार ने हिमाचल को पेयजल से जोड़ा, अंत्योदय योजना लेकर आए। वीरभद्र सबसे लंबे समय तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। हर व्यक्ति तक पहुंचने के प्रयास किए। उनका भी हिमाचल के विकास में योगदान रहा। प्रेमकुमार धूमल का हिमाचल के लिए बहुत योगदान रहा। अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को नहीं भूला जा सकता।' 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 50 पंचायतें ही ऐसी हैं जहां सड़क पहुंचनी शेष हैं। अटल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की। पीएम नरेंद्र मोदी विश्व नेता की भूमिका में हैं, उनका हिमाचल के लिए योगदान अविस्मरणीय है। वही, सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार का अवसर हमें एक साल बाद मिला है। कोविड के चलते कार्यक्रम नहीं हो पा रहे थे। बहुत बड़ा संकट था। इस संकट से पार निकलने में सहयोग मिला। बहुत तेजी से कोविड पर नियंत्रण होगा। 400 ही एक्टिव केस रह गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि आयुष्मान भारत योजना देश के लिए नड्डा की देन है। एम्स नड्डा की देन है। तीन मेडिकल कॉलेज समेत कई प्रोजेक्ट नड्डा की देन है। 

बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संदेश में कहा, 'हिमाचल प्रदेश के निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई। प्रकृति के वरदान से समृद्ध यह वीरभूमि अध्यात्म, संस्कृति और पर्यटन का केंद्र है; साथ ही अनेक मानव विकास सूचकांको पर भी आगे है। मेरी कामना है कि यह राज्य अपनी भौगौलिक ऊंचाई के अनुरूप ही विकास के शिखर पर पहुंचे।' 

वही, पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा,'हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूरे होने पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध यह प्रदेश विकास के नित नए मानदंड गढ़ता रहे और देश की उन्नति में अपना योगदान देता रहे।' बता दें कि हिमाचल प्रदेश को आज ही के दिन यानी 25 जनवरी 1971 में पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बोले PM मोदी- ये चुनाव आयोग के योगदान की सराहना का है अवसर


संबंधित समाचार