गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा किसानों के साथ षड्यंत्र कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने ट्विटर पर 'गणतंत्र दिवस महाघोषणा' पत्र भी जारी किया। इसमें सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज हमारे देश में संविधान, गणतंत्र-लोकतंत्र, आजादी, सब खतरे में है।
वही, अखिलेश यादव ने कहा, 'गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड रोकने के लिए ट्रैक्टरों को पंपों पर डीजल नहीं दिए जाने के निर्देश की खबर मिली है। भाजपा, किसान के खिलाफ निम्न कोटि का षड्यंत्र कर रही है।'
इसके अलावा, सोमवार को ट्विटर पर 'गणतंत्र दिवस महाघोषणा' पत्र को साझा करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा, 'आज हमारे देश में संविधान, गणतंत्र-लोकतंत्र, आजादी सब खतरे में है, इसलिए इस गणतंत्र दिवस पर सपा नई चुनौतियों का सामना करने के लिए, नये संकल्प लेकर, एक नयी घोषणा करने जा रही है। नई हवा है, नई सपा है, बड़ों का हाथ, युवा का साथ।' अखिलेश यादव ने कहा, 'आइए घृणा और अवश्विास के स्थान पर मिल जुलकर परस्पर प्रेम और आपसी विश्वास से समाज, प्रदेश और देश को मजबूत करें।'
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 25, 2021
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस पत्र में आगे लिखा है, 'हमारा प्रेरणा वाक्य है ‘विकास सच्चा और काम अच्छा' एवं 'शांति और सौहार्द' हमारा मूलमंत्र है। हम सब जानते हैं कि एकता के बिना शांति नहीं होती और शांति के बिना विकास नहीं होता, इसलिए आइए हम सब हर बहकावे-भटकावे से बचकर एकजुट होकर आगे बढ़ें और अमन-चैन के लिए हर संभव कोशिश करें।' वही, सपा की जनहितकारी नीतियों से जुड़ने की अपील के साथ यादव ने कहा कि एक नए उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए नया संकल्प धारण कीजिए।
यह भी पढ़ें- कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ मिलकर गणतंत्र दिवस मनाएगी समाजवादी पार्टी