होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

अमेरिका की उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेकर कमला हैरिस ने रचा इतिहास,जानिए उनके जीवन से जुड़े ये तथ्य

अमेरिका की उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेकर कमला हैरिस ने रचा इतिहास,जानिए उनके जीवन से जुड़े ये तथ्य

 

भारतीय मूल की कमला हैरिस ने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बुधवार को अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। कमला हैरिस अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं। वह राष्ट्रपति जो बिडेन के साथ काम करेंगी। अमेरिका में हैरिस ने माइक पेंस की जगह ली है, जबकि बिडेन ने डोनाल्ड ट्रंप की जगह ली है।

वही, चेन्नई निवासी प्रवासी भारतीय की बेटी कमला देवी हैरिस ने अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर इतिहास रच दिया है। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत एवं पहली एशियाई अमेरिकी भी हैं। इस नाते उनके पति डगलस एमहॉफ अमेरिका के इतिहास में ‘सेकेंड जेंटलमैन’ का खिताब पाने वाले पहले पुरूष हैं।

उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमेयर ने हैरिस को शपथ दिलाई। हैरिस ने दो बाइबलों पर हाथ रखकर शपथ ली। इनमें से एक बाइबल पारिवारिक मित्र रेजिना शेल्टोन और दूसरी बाइबल उच्चतम न्यायालय के देश के पहले अफ्रीकी अमेरिकी न्यायाधीश थुर्गुड मार्शल से संबंधित थी। 

जानिए कमला हैरिस के जीवन से जुड़ी खास बातें 

कमला हैरिस भारतीय मां और जमैका से ताल्लुक रखने वाले अफ्रीकी-अमेरिकी पिता की पुत्री हैं। वह 1964 में कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में जन्मी थीं। उनकी मां श्यामला गोपालन हैरिस चेन्नई से थीं। वह ब्रेस्ट कैंसर से जुड़ीं अनुसंधानकर्ता थीं जिनका निधन 2009 में कैंसर की वजह से हुआ था। हैरिस के पिता डोनाल्ड अर्थशास्त्र के जमैकियन-अमेरिकी प्रोफेसर हैं। हैरिस ने कई मिसालें कायम की हैं। वह सेन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी बनने वाली पहली महिला, पहली भारतवंशी और पहली अफ्रीकी अमेरिकी हैं।

वही, नवंबर में अपनी जीत के बाद ऐतिहासिक भाषण में कमला हैरिस ने अपनी दिवंगत मां, जो नागरिक अधिकार कार्यकर्ता भी थीं को याद करते हुए कहा था कि उन्होंने उनके राजनीतिक करियर में इस बड़े दिन के लिए उन्हें तैयार किया था। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि वह उपराष्ट्रपति पद पर सत्तासीन होने वाली पहली महिला हो सकती हैं, लेकिन वह अंतिम नहीं होंगी।

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उम्मीदवार रहे जो बिडेन ने अगस्त में उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के रूप में हैरिस को चुना था। अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी बिडेन की किसी समय हैरिस कटु आलोचक रही हैं। हैरिस सीनेट के तीन एशियाई अमेरिकी सदस्यों में से एक हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में वह ‘फीमेल ओबामा’ के नाम से लोकप्रिय थीं।

यह भी पढ़ें- Joe Biden Oath Ceremony : अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडेन ने ली शपथ...


संबंधित समाचार