होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

रजनीकांत को मिलेगा साल 2019 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार,PM मोदी ने 'थलाइवा' को यूं दी बधाई

रजनीकांत को मिलेगा साल 2019 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार,PM मोदी ने 'थलाइवा' को यूं दी बधाई

 

एक्टर रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को इस बात की घोषणा की। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब छह अप्रैल को तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। रजनीकांत को तीन मई को वर्ष 2019 के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। 

वहीं, प्रकाश जावड़ेकर ने रजनीकांत को पुरस्कार के लिए चुने जाने की जानकारी देते हुए कहा, "भारत हर साल किसी फिल्मी हस्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देता है। इस बार आशा भोंसले, मोहनलाल, बिस्वजीत चटर्जी, शंकर महादेवन और सुभाष घई की ज्यूरी ने यह चयन किया है।" 

उन्होंने कहा,"उन्होंने एकमत से इस बात की सिफारिश की कि सुपरस्टार रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाए और हमने इसे स्वीकार कर लिया।" जावड़ेकर ने कहा कि पिछले करीब 50 साल से रजनीकांत फिल्म जगत के बेताज बादशाह रहे हैं। उन्होंने कहा, "वह (रजनीकांत) फिल्म जगत में सूरज की तरह चमक रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगन से लोगों के दिलों में जगह बनाई है।" 

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने भरोसा जताया कि रजनीकांत को यह सम्मान दिए जाने पर पूरा देश खुश होगा। रजनीकांत को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के साथ तीन मई को पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह घोषणा किए जाने के बारे में सवाल पूछने पर जावड़ेकर ने कहा, "यह फिल्म जगत से जुड़ा पुरस्कार है और रजनीकांत 50 साल से काम कर रहे हैं... व्यक्ति को उचित सवाल पूछना चाहिए।"

जावड़ेकर ने बाद में ट्वीट किया, "मुझे भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे महान अभिनेताओं में शामिल रजनीकांत जी को 2019 के दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए चुने जाने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। अभिनेता, निर्माता एवं पटकथा लेखक के तौर पर उनका योगदान अतुलनीय है।" 

PM मोदी ने रजनीकांत को दी बधाई 

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रजनीकांत को बधाई देते हुए सिनेमा में योगदान के लिए उनकी सराहना की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "कई पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय, शानदार काम जो बहुत कम लोग ही कर पाते हैं, विविध भूमिकाएं और एक प्यारे व्यक्तित्व के धनी... ऐसे हैं रजनीकांत जी। यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि थलाइवा को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें बधाई।"

बता दें कि भारतीय सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले दादा साहब फाल्के के नाम पर भारत सरकार ने 1969 में यह पुरस्कार शुरू किया था और इसे भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च पुरस्कार कहा जाता है। वर्ष 2018 का फाल्के पुरस्कर अभिनेता अमिताभ बच्चन को दिया गया था।

यह भी पढ़ें- कोरोना की चपेट में आए Bappi Lahiri, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती


संबंधित समाचार