प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने लिया शाही पद छोड़ने का फैसला, जीना चाहते हैं साधारण जिंदगी
प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने लिया शाही पद छोड़ने का फैसला, जीना चाहते हैं साधारण जिंदगी
ब्रिटेन के राजपरिवार में बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने शाही विरासत छोड़ने का फैसला किया है। बता दें कि प्रिंस हैरी ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के पोते हैं। प्रिंस हैरी ने अपने सोशल मीडिया अकांउट से घोषणा करते हुए कहा है कि वे और उनकी पत्नी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे, और इसके लिए वे ब्रिटेन के शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य के पद से अलग हो रहे हैं।
शाही जोड़ा कनाडा में छह हफ्ते की छुट्टी से इस महीने वापस आया है, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन से अलग होने का फैसला किया है। प्रिंस हैरी और मेगन ने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि, महारानी, कॉमनवेल्थ और सहयोगियों के प्रति अपना कर्तव्य जारी रखते हुए अब हम यूनाइटेड किंगडम और उत्तरी अमेरिका के बीच अपना समय व्यतीत करने की योजना बना रहे हैं।
बता दें कि मई 2018 में हैरी और मेगन की शाही शादी हुई थी जिसके बाद दोनों को ससेक्स के ड्यूक और डचेस का खिताब दिया गया था। पिछले साल मई में इनकी पहली संतान आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर का जन्म हुआ था।