PM Modi Plays Football: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को सिक्किम दौरे के दौरान एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। यहां गंगटोक में उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए कुछ शानदार पल बिताए। इस खास मौके की तस्वीरें पीएम ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें वे बच्चों के साथ खेलते और बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरें में पीएम स्पोर्टी लुक में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, सिक्किम के गंगटोक की खूबसूरत सुबह में अपने युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलने का मज़ा ही कुछ और है!। वीडियो में बच्चों के बीच उनका उत्साह और सहजता साफ झलक रही है, जिससे वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित नजर आए.वीडियो में पीएम को फुटबॉल मैदान पर बच्चों के साथ बातचीत करते, गर्मजोशी से संवाद करते और खेल में भाग लेते हुए दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर मिली सराहना
प्रधानमंत्री का यह तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी इस पहल की सराहना की। यूजर्स ने इसे युवाओं से जुड़ने और खेल एवं फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। कई लोगों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।
ऑर्किडेरियम का करेंगे दौरा
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का भी भ्रमण करेंगे। यहां राज्य की समृद्ध जैव विविधता और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए स्वर्ण जयंती मैत्री मंजिरो पार्क को एक आधुनिक ऑर्किड एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।
राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम
इसके साथ ही पीएम पालजोर (Paljor Stadium) में आयोजित सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर वो राज्यभर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. साथ ही एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वो एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे राज्य में पारंपरिक और एकीकृत चिकित्सा प्रणालियों तक पहुंच मजबूत होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस का प्रशासनिक भवन, हेलन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज सहित कई संस्थानों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 160 स्कूलों में आईटी आधारित शैक्षणिक ढांचे की शुरुआत भी की जाएगी।
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार
राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरे लेन वाले स्टील मेहराबदार पुलों की आधारशिला रखेंगे, जो नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ेंगे। साथ ही वो किचुदुमरा होते हुए बिरधांग से नामची तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा भी पीएम मोदी कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिक्किम के स्वर्ण जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। यह न केवल राज्य के समग्र विकास को गति देगा, बल्कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में सतत और समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।