होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Kedarnath-Badrinath Snowfall: बर्फबारी के बाद अलर्ट, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

Kedarnath-Badrinath Snowfall: बर्फबारी के बाद अलर्ट, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

 

Uttarakhand Weather Change: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज सुबह से बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने 2 नवंबर तक कई पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया था। राजधानी देहरादून में आज सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी जारी है।

केदारनाथ धाम में आज सुबह से बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए बदलाव के कारण केदारपुरी में ठंड बढ़ गई है। चारों ओर बर्फ गिरने से कुछ देर यात्री आनंद ले रहे हैं किंतु धीरे-धीरे ठंड के चलते वह भी कमरों में चले जा रहे हैं। फिलहाल केदारनाथ धाम सहित ऊंची पहाड़ियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। चमोली जनपद स्थित बदरीनाथ धाम में भी बर्फबारी हो रही है। बदरीनाथ में नर -नारायण, नीलकंठ पर्वत पर गुरुवार सुबह से ही भारी हिमपात शुरू हो गया है।

श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी

केदारनाथ धाम में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े, जैकेट, टोपी, दस्ताने और गर्म मोजे पहनने, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और खुले व ठंडे स्थानों पर अनावश्यक रूप से ज्यादा देर न रुकने की सलाह दी है। साथ ही, अपनी सेहत का ध्यान रखने, अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने को कहा है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।

देहरादून में झमाझम बारिश

राजधानी देहरादून में आज सुबह से ही मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में बारिश के साथ आंधी और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। आज और कल देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। श्रीनगर और कोटद्वार में भी बारिश हुई है।

13 दिन और चलेगी बाबा केदार की यात्रा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा अब महज 13 दिन और चलेगी। ऐसे में इन दिनों बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, हालांकि धाम में अब काफी ठंड होने लगी हैं, जिससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना भी करना पड़ रहा है।

केदारनाथ में अब तक कुल 1844656 यात्रियों ने दर्शक किए हैं। आगामी 11 नवम्बर भैया दूज को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। ऐसे में बाबा केदार की चल विग्रह डोली विभिन्न स्थानों से होते ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी जहां छह महीने शीतकाल में बाबा केदार की पूजा अर्चना होगी। इसी को देखते हुए इन दिनों बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।

 


संबंधित समाचार