Salman Khan Bishnoi Samaj Statement: अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुड़िया ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लेकर एक बार फिर बयान दिया है। राजस्थान के जोधपुर जिले के जाजीवाल धोरा में आयोजित खीर महोत्सव के दौरान उन्होंने कहा कि सलमान खान बीकानेर स्थित बिश्नोई समाज के पवित्र स्थल मुकाम धाम में आकर माफी मांग लें, तो समाज उन्हें माफ करने के लिए तैयार है। बुड़िया ने यह भी कहा कि इसके बाद समाज उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने को तैयार है।
बुड़िया का यह बयान अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद आया है। उन्होंने सलमान खान को लेकर कहा कि वह डर के माहौल में हैं और उन्हें आशंका है कि कोई आकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। बुड़िया ने दोहराया कि मुकाम धाम में माफी मांगने पर समाज उन्हें माफ कर सकता है।
लॉरेंस को बताया अपना भाई और बच्चा
कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र बुड़िया ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी समर्थन किया। उन्होंने लॉरेंस को अपना भाई और बच्चा बताते हुए कहा कि उसने सलमान खान को मुकाम धाम आकर माफी मांगने की बात कही थी।
बुड़िया ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर समर्थन जताने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सलमान खान को मुकाम में आकर माफी मांगनी चाहिए और इसके बाद समाज उनकी सुरक्षा करेगा।
छह दिन पहले भी सलमान खान को दी थी सलाह
देवेंद्र बुड़िया ने करीब छह दिन पहले भी लॉरेंस बिश्नोई के समर्थन में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सलमान खान के पास अभी भी मुकाम धाम जाकर माफी मांगने का विकल्प है। उनके अनुसार, बिश्नोई समाज की जीव रक्षा से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए माफी पर विचार किया जा सकता है।