Subodh Uniyal: सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिन खबर आई थी कि मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। हालांकि, अब उनियाल ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि दलेर मेहंदी से माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता। आइए जानते हैं कि इस पूरे मामले पर उन्होंने क्या कहा।
सुबोध उनियाल ने क्या कहा?
यूट्यूब चैनल 'सत्यवाणी लाइव' से बातचीत के दौरान सुबोध उनियाल ने इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने दलेर मेहंदी से माफी मांगने की खबरों को गलत बताया और सवाल किया कि आखिर वह माफी क्यों मांगें? मंत्री ने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, इसलिए उनके माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता।
सुबोध उनियाल ने कहा, 'मेरे माफी मांगने का कोई सवाल नहीं है। बताइए, मैंने कोई अपराध किया है, जो मैं माफी मांगूं? अगर तबीयत खराब थी, तो नहीं आना चाहिए था। अगर आए भी थे, तो जनता को बता देते कि तबीयत खराब है।'
मीका सिंह ने किया ये दावा
दरअसल, सिंगर मीका सिंह की टीम की ओर से दावा किया गया था कि सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मीका सिंह ने अपने बयान में कहा था, 'मैं इस बात की तारीफ करता हूं कि दलेर मेहंदी पाजी से जुड़ी घटना के लिए सुबोध उनियाल ने माफी मांगी है। कलाकारों और उनकी इज्जत का सम्मान करना बहुत जरूरी है। दलेर पाजी एक सीनियर कलाकार हैं, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में बहुत बड़ा योगदान दिया है और हर कलाकार सम्मान का हकदार है। मुझे उम्मीद है कि हम इस घटना को पीछे छोड़कर आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ेंगे।'
हालांकि, अब सुबोध उनियाल ने माफी मांगने के इस दावे को खारिज कर दिया है। उनके इस बयान के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित 'सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले' के दौरान शुरू हुआ था। यहां दलेर मेहंदी रुक-रुककर परफॉर्म कर रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनके प्रदर्शन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर आने और गाना गाने के बजाय लिप-सिंक करने का आरोप लगाया।
मंत्री ने सिंगर को फटकार लगाते हुए कहा था, 'आप शराब पीकर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं, गाना भी नहीं गा रहे। आपको मालूम है ना कि एक सिंगर पिटकर गया था यहां से। इतना पिटा था कि उसका बाप भी अब नहीं आ सकता यहां पर।'
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने उनका समर्थन किया। मीका ने कहा कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने दर्शकों के लिए करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया। उन्होंने ये भी कहा कि दलेर मेहंदी पर शराब पीकर आने का आरोप लगाने से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।