Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में इस बार करवा चौथ का पावन पर्व दांपत्य जीवन के लिए खुशियों की दोहरी सौगात लेकर आया है। सुक्खू सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए करवा चौथ पर सार्वजनिक अवकाश का दायरा बढ़ा दिया है। अब तक इस पर्व पर केवल महिला कर्मचारियों को ही विशेष छुट्टी का लाभ मिलता था, लेकिन अब महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी अवकाश रहेगा।
सुक्खू सरकार ने करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को भी बड़ी राहत दी है। हिमाचल की सुक्खू सरकार का रक्षाबंधन के बाद एक और बड़ा फैसला है।
सभी दफ्तर बंद रहेंगे
29 अक्टूबर को पूरे हिमाचल में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। स्कूल-कॉलेज और अन्य सभी दफ्तर बंद रहेंगे।
अब दफ्तर की भागदौड़ नहीं, साथ मनेगा पर्व
अक्सर करवाचौथ पर महिलाओं को तो छुट्टी मिल जाती थी, लेकिन पतियों को दफ्तर की भागदौड़ में उलझना पड़ता था। शाम को पूजा और अर्घ्य के समय घर पहुंचने की जल्दी में कई बार त्योहार की मिठास फीकी रहती थी। सरकार के इस ताजा फैसले के बाद अब पति-पत्नी दोनों एक साथ पूरे दिन घर पर रहकर इस पावन पर्व की तैयारियों और पूजा-अर्चना में शामिल हो सकेंगे।
रक्षाबंधन के बाद पुरुषों को दूसरा बड़ा तोहफा
सुक्खू सरकार का पुरुषों को इस तरह का तोहफा देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले रक्षाबंधन के त्योहार पर भी सरकार ने पुरुषों को अवकाश देकर चौंकाया था। भाई-बहन के उस पर्व के बाद अब पति-पत्नी के त्योहार पर भी अवकाश का शगुन दिया है।