Independence Day 2026:15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस का दिन देशभक्ति के जज्बे से भरा होता है। स्कूल-कॉलेज के कार्यक्रम हों, ऑफिस का सेलिब्रेशन हो या फिर घर पर आजादी का जश्न, देशभक्ति के गानों के बिना माहौल कुछ अधूरा सा लगता है। हिंदी फिल्मों में ऐसे कई गाने हैं, जिन्हें सुनते ही देश के लिए प्यार का एहसास होने लगता है। इन गानों की खास बात यही है कि चाहे ये कई साल पुराने हों या हाल के दौर के, हर गाने में देश के लिए प्यार और गर्व की भावना अलग अंदाज में नजर आती है।
कुछ गाने पुराने होकर भी आज तक लोगों के दिलों में बसे हुए हैं, तो कुछ नए गानों ने भी देशभक्ति की लिस्ट में अपनी खास जगह बना ली है। अगर आप इस 15 अगस्त के लिए देशभक्ति गानों की प्लेलिस्ट तैयार कर रहे हैं, तो ये गाने उसमें जरूर शामिल कर सकते हैं। ये गाने आपके आजादी के जश्न को और खास बना सकते हैं।
तेरी मिट्टी
फिल्म केसरी का तेरी मिट्टी आज के दौर के सबसे पसंद किए जाने वाले देशभक्ति गानों में से एक है। बी प्राक की आवाज में इस गाने की भावुकता सीधे दिल तक पहुंचती है। एक सैनिक और उसके परिवार की भावनाओं को दिखाता ये गाना सुनकर आंखें नम हो जाती हैं और देश के लिए शहीद होने वाले जवानों की याद आती है।
ऐ वतन
आलिया भट्ट की फिल्म ‘राजी’ का ‘ऐ वतन’ अरिजीत सिंह ने गाया है। गाने में देश के लिए प्यार और एक बेटी के जज्बे को खूबसूरती से दिखाया गया है। अरिजीत की आवाज में इस गाने का हर शब्द देश के प्रति जुड़ाव महसूस कराता है। इसका फीमेल वर्जन सुनिधि चौहान ने गाया है।
लहरा दो
फिल्म ’83’ का ‘लहरा दो’ अरिजीत सिंह की आवाज में है। गाना भारतीय क्रिकेट टीम के उस दौर की कहानी और देश के लिए कुछ कर दिखाने के जज्बे को सामने लाता है। इसे सुनते ही जोश बढ़ जाता है और तिरंगे के साथ देश के लिए जीत हासिल करने का जज्बा महसूस होता है।
मां तुझे सलाम
ए.आर. रहमान का ‘मां तुझे सलाम’ देशभक्ति गानों की लिस्ट में एक अलग ही जगह रखता है। इसे ए.आर. रहमान ने गाया और कंपोज किया है। गाने में देश को मां का दर्जा देकर उसके लिए प्यार और सम्मान जाहिर किया गया है। इसकी धुन और रहमान की आवाज आज भी सुनने वालों के अंदर देश के लिए गर्व का एहसास पैदा करती है।
संदेशे आते हैं
फिल्म ‘बॉर्डर’ का ‘संदेशे आते हैं’ सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने गाया है। ये गाना सैनिकों की जिंदगी और उनके परिवार से दूर रहने के दर्द को दिखाता है। गाने में जवानों की देश के लिए ड्यूटी और घरवालों से दूर रहने की मजबूरी दोनों नजर आती हैं।
ये जो देश है तेरा
फिल्म ‘स्वदेस’ का ‘ये जो देश है तेरा’ ए.आर. रहमान ने गाया और कंपोज किया है। ये गाना उन लोगों की भावनाओं को आवाज देता है, जो अपने देश और अपनी मिट्टी से दूर होने के बाद उसकी अहमियत महसूस करते हैं। इसकी धुन बेहद सुकून भरी है और 15 अगस्त पर इसे सुनना देश से अपने रिश्ते की याद दिलाता है।
चक दे! इंडिया
फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ का टाइटल ट्रैक सुखविंदर सिंह ने गाया है। ये सिर्फ एक फिल्म का गाना नहीं, बल्कि जीत और हिम्मत का जज्बा जगाने वाला एंथम बन चुका है। गाना सुनते ही जोश बढ़ जाता है और स्कूल-कॉलेज के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के लिए भी ये एक शानदार विकल्प है।
आई लव माय इंडिया
फिल्म ‘परदेस’ का ‘आई लव माय इंडिया’ कविता कृष्णमूर्ति, हरिहरन, आदित्य नारायण और शंकर महादेवन ने गाया है। गाने में विदेश की जमीन पर अपने देश को लेकर गर्व महसूस करने की बात दिखाई गई है। इसकी धुन देशभक्ति के साथ-साथ एक अलग तरह की खुशी भी देती है।
पुराने गाने, जिनका जादू आज भी कायम है
देशभक्ति के कुछ गाने ऐसे हैं, जो कई दशक पुराने होने के बावजूद आज भी हर स्वतंत्रता दिवस पर सुनाई देते हैं। इन गानों की खासियत यही है कि इनका असर वक्त के साथ कम नहीं हुआ।
मेरे देश की धरती
फिल्म ‘उपकार’ का ‘मेरे देश की धरती’ महेंद्र कपूर की आवाज में हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार देशभक्ति गानों में से एक है। गाने में भारत की मिट्टी, खेतों और देश की खूबसूरती की तारीफ की गई है। 15 अगस्त के मौके पर बजने वाले पुराने गानों की लिस्ट में इसका नाम आज भी सबसे ऊपर आता है।
ऐ मेरे प्यारे वतन
फिल्म ‘काबुलीवाला’ का ‘ऐ मेरे प्यारे वतन’ मन्ना डे ने गाया है। ये गाना अपने देश से दूर रहने वाले इंसान की भावनाओं को दिखाता है। मन्ना डे की आवाज में ये गाना बेहद इमोशनल है और इसे सुनकर अपनी मिट्टी और वतन से जुड़ाव का एहसास और गहरा हो जाता है।
मेरा रंग दे बसंती चोला
‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ शहीदों और देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले क्रांतिकारियों के जज्बे से जुड़ा बेहद मशहूर गाना है। इसके अलग-अलग फिल्मी वर्जन रहे हैं। द लीजेंड ऑफ भगत सिंह वाले वर्जन में सोनू निगम और मनमोहन वारिस की आवाज सुनने को मिलती है। इसे सुनते ही आजादी के लिए लड़ने वाले वीरों की याद आ जाती है।
दिल दिया है जान भी देंगे
फिल्म ‘कर्मा’ का ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ देश के लिए सब कुछ कुर्बान कर देने के जज्बे को दिखाता है। गाने को कविता कृष्णमूर्ति और मोहम्मद अजीज ने गाया है। इसके बोल सीधे दिल तक पहुंचते हैं और देश के लिए प्यार और वफादारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कर चले हम फिदा
फिल्म ‘हकीकत’ का ‘कर चले हम फिदा’ मोहम्मद रफी की आवाज में है। ये गाना सैनिकों की कुर्बानी और देश के लिए आखिरी सांस तक लड़ने की भावना को दिखाता है। रफी की आवाज इसे और भी ज्यादा असरदार बना देती है। इसे सुनते हुए उन जवानों की याद आती है, जिन्होंने देश की हिफाजत के लिए अपनी जान दे दी।
ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम
फिल्म ‘शहीद’ का ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’ देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज्बा दिखाता है। गाने में वतन के लिए प्यार और उसके सम्मान की बात बेहद दमदार तरीके से कही गई है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ये गाना सुनते ही माहौल में देशभक्ति का रंग और गहरा हो जाता है।