Badshah And Isha: रैपर-सिंगर बादशाह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर शुरुआत से ही काफी चर्चा में रहे हैं। अब एक बार फिर उनकी मैरिड लाइफ सुर्खियों में है। पहले उन्होंने कथित तौर पर चुपचाप शादी की और अब दूसरी शादी के महज चार महीने बाद ही तलाक की अफवाहें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि बादशाह ने मॉडल और एक्ट्रेस ईशा रिखी से दूसरी शादी की थी। हाल ही में ईशा ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं को और हवा दे दी है। शादी की तस्वीरों और साथ में शेयर की गई फोटो में दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे। हालांकि, अब ईशा ने लिखा, "खामोशी का मतलब यह नहीं है कि मैंने चीजों को स्वीकार कर लिया है।" इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल, बीते दिन ईशा रिखी ने जो पोस्ट शेयर किया, उससे पांच दिन पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी साझा किया था। उस वीडियो में वह और बादशाह साथ नजर आ रहे थे। वीडियो में उनकी शादी की झलकियां भी थीं। एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा था, "हर तूफान एक सबक है। हर प्रार्थना एक उम्मीद है।" इसके बाद दोनों के रिश्ते में दरार की अफवाहें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगीं। अब नए पोस्ट के बाद फैन्स जानना चाहते हैं कि आखिर दोनों के बीच क्या चल रहा है।
ईशा रिखी का नया पोस्ट हुआ वायरल
ईशा रिखी ने अपने नए इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं, जिनके कोई दिखाई देने वाले निशान नहीं होते। काफी समय तक मैं डर की वजह से चुप रही। मुझे लगता था कि मेरे पति के पास बहुत प्रभाव, पावर और संसाधन हैं। मैंने खुद को यह समझा लिया था कि चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है। मेरी चुप्पी कभी मेरी सहमति नहीं थी। वह सिर्फ खुद को बचाए रखने का एक तरीका था। आज मैं डर के ऊपर हिम्मत को चुन रही हूं। हो सकता है कि मैं अभी पूरी कहानी बताने के लिए तैयार न हूं, लेकिन अब मैं यह दिखावा करना बंद करने के लिए तैयार हूं कि सब कुछ ठीक था।"
पोस्ट पर सेलेब्स और फैन्स का मिला साथ
ईशा रिखी के इस पोस्ट पर कई सेलेब्स और फैन्स उनका समर्थन करते नजर आए। करण औजला की पत्नी पलक औजला के अलावा एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन ने भी पोस्ट पर कमेंट किया। वहीं, कई यूजर्स ने भी उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी।
बता दें कि रैपर बादशाह की पहली शादी साल 2012 में जैस्मिन मसीह से हुई थी। दोनों का रिश्ता करीब आठ साल तक चला और साल 2020 में उनका तलाक हो गया। अब दूसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, बादशाह या ईशा रिखी की ओर से रिश्ते में दरार या तलाक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इन दावों को केवल सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।