Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण करने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी तीन घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा और दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस मानसून सीजन में यह पहली बार है, जब प्रदेश के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
48 घंटे बेहद संवेदनशील
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील रहेंगे। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने जैसी घटनाओं, नदी-नालों के उफान, सड़कें बंद होने, बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित होने तथा जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई है।
लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा जिला प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
4 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद
रेड अलर्ट को देखते हुए कांगड़ा, मंडी, चंबा और सिरमौर जिलों में एहतियात के तौर पर सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
कहां कितनी वर्षा
बीते 24 घंटों में मनाली में 29.2 मिलीमीटर, भरमौर में 29.2 , धर्मशाला में 12.5 , ऊना में 12.2 , पालमपुर में 11 और सराहन में 10.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
आगे कैसा रहेगा मौसम
22 और 23 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है, जबकि 24 और 25 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सक्रिय मानसून और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का तुरंत पालन करने की अपील की गई है।